मुखानी क्षेत्र में स्कूटी की डिग्गी से 2 लाख रुपये की टप्पेबाजी करने वाला UP का शातिर अपराधी गिरफ्तार
अभियुक्त पर हत्या, लूट और चोरी जैसे कई संगीन आपराधिक मामले पहले से हैं दर्ज
हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में स्कूटी की डिग्गी तोड़कर 2 लाख रुपये की चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के एक शातिर अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत मुखानी पुलिस ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, 22 मई 2026 को दीपक शर्मा निवासी गोलापार, काठगोदाम ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 20 मई को केएफसी के पास खड़ी उनकी स्कूटी की डिग्गी तोड़कर उसमें रखे 2 लाख रुपये चोरी कर लिए गए थे। मामले में थाना मुखानी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद 1 जून को चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अमर सिंह (48) निवासी गोंडा, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 20,230 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में अमर सिंह ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी राजेश कुमार के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। दोनों बैंक के बाहर रेकी कर ग्राहकों का पीछा करते थे। दीपक शर्मा के बैंक से नकदी निकालने के बाद दोनों ने उनका पीछा किया और मौका पाकर स्कूटी की डिग्गी तोड़कर 2 लाख रुपये चोरी कर लिए।
आरोपी ने बताया कि चोरी की रकम के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। उसका साथी राजेश कुमार 1.20 लाख रुपये लेकर फरार हो गया, जबकि अमर सिंह के हिस्से में आए 80 हजार रुपये में से अधिकांश उसने अपने पिता के इलाज पर खर्च कर दिए। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अमर सिंह के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, चोरी और गुंडा एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों की भी जांच कर रही है।

