ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

SDM की तैनाती न होने से कोर्ट कार्य ठप, पार्षद रवि जोशी ने दिया धरना, समर्थन देने पहुंचे विधायक सुमित हृदयेश
हल्द्वानी। एसडीएम कोर्ट परिसर में लंबे समय से न्यायिक कार्य प्रभावित होने के विरोध में गुरुवार को विधायक सुमित हृदयेश और पार्षद रवि जोशी ने धरना प्रदर्शन किया।

दोनों जनप्रतिनिधि कोर्ट परिसर में जमीन पर बैठकर विरोध जताते नजर आए, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।
बताया जा रहा है कि एसडीएम हल्द्वानी राहुल शाह के स्थानांतरण के बाद से कोर्ट का नियमित संचालन नहीं हो पा रहा है। इसके चलते न केवल अधिवक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ रही है, बल्कि आम जनता के जरूरी मामलों की सुनवाई भी ठप पड़ी हुई है। कई महत्वपूर्ण वाद लंबित हो गए हैं, जिससे न्याय प्रक्रिया में देरी हो रही है।
धरना प्रदर्शन के दौरान विधायक सुमित हृदयेश ने कुमाऊं आयुक्त (कमिश्नर) और जिलाधिकारी से फोन पर वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एसडीएम कोर्ट का लंबे समय तक खाली रहना जनहित के खिलाफ है और इससे लोगों का न्याय व्यवस्था पर भरोसा कमजोर हो रहा है। विधायक ने मांग की कि हल्द्वानी में शीघ्र नए एसडीएम की तैनाती की जाए, ताकि कोर्ट का कामकाज फिर से सुचारू हो सके।
इस पर जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि जल्द ही हल्द्वानी में नए एसडीएम की नियुक्ति कर दी जाएगी और न्यायिक कार्यों को नियमित किया जाएगा।

आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया गया, हालांकि जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर प्रशासनिक रिक्तियों के कारण आम जनता को हो रही परेशानियों को उजागर कर दिया है।

यह भी पढ़ें :  फायर सीजन से पहले अलर्ट मोड में वन विभाग, हल्द्वानी में फॉरेस्ट व फायर सर्विस का संयुक्त प्रशिक्षण

You missed

error: Content is protected !!