ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

अल्मोड़ा में राहुल गांधी की रैली होगी ऐतिहासिक, भीड़ तोड़ेगी सभी रिकॉर्ड : प्रीतम सिंह

उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह ने दावा किया है कि 4 जून को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अल्मोड़ा में प्रस्तावित जनसभा ऐतिहासिक साबित होगी।

हल्द्वानी पहुंचे प्रीतम सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और जनसभा में उमड़ने वाली भीड़ सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ देगी।

उन्होंने बताया कि राहुल गांधी अल्मोड़ा में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस संगठन और कार्यकर्ता कार्यक्रम की तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटे हुए हैं। प्रीतम सिंह ने कहा कि यह जनसभा प्रदेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण संदेश देने का काम करेगी।

प्रीतम सिंह ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी पूर्व सैनिकों का सम्मान भी करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा सैनिकों और पूर्व सैनिकों के सम्मान के पक्ष में रही है। उत्तराखंड के युवाओं की पहली पसंद सेना रही है और प्रदेश के युवा देश की सीमाओं की सुरक्षा में अहम योगदान देते हैं।

राज्य सरकार और केंद्र की अग्निवीर योजना पर निशाना साधते हुए प्रीतम सिंह ने कहा कि इस योजना ने उत्तराखंड के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सेना में स्थायी भर्ती की परंपरा को कमजोर करने से युवाओं में निराशा बढ़ी है।

कांग्रेस राहुल गांधी की अल्मोड़ा रैली को अपने शक्ति प्रदर्शन के रूप में देख रही है। ऐसे में 4 जून को होने वाली इस जनसभा पर प्रदेशभर की राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं।

यह भी पढ़ें :  भिकियासैंण : ककलासों महोत्सव का भव्य आगाज, लोक संस्कृति और विकास का दिखा अनूठा संगम
error: Content is protected !!