ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। प्रदेशभर में नदियां और बरसाती नाले उफान पर हैं, जबकि कई स्थानों पर भूस्खलन और जलभराव की घटनाओं ने हालात गंभीर बना दिए हैं।

मौसम की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन चार धाम यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। साथ ही राज्य के सभी जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।

गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्ग पर मौजूद तीर्थयात्रियों को जहां वे वर्तमान में हैं, वहीं सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जाए। उन्होंने कहा कि मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने और मौसम में सुधार के बाद ही चार धाम यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन एवं मौसम विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करें।

बारिश के बीच बागेश्वर जिले के कपकोट से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 8 वर्षीय राकेश अपनी मां के साथ मंदिर में जल चढ़ाने के लिए सरयू नदी से पानी लेने गया था। इसी दौरान नदी के तेज बहाव में वह बह गया। सूचना मिलते ही NDRF, SDRF और वॉटर पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और बच्चे की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।

उधर, पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र में भी बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गई। जानकारी के अनुसार Phu गांव के पास जंगल में बकरियां चरा रहे 52 वर्षीय दीवान सिंह पर रविवार शाम अचानक बिजली गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

वहीं चमोली जिले के नारायणबगड़ बाजार में सोमवार तड़के हुई भारी बारिश के कारण पानी और मलबा बाजार में घुस गया। इससे 6 से 7 दुकानों में भारी नुकसान हुआ है। प्रशासन और स्थानीय टीमें मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और प्रभावित क्षेत्र को सामान्य बनाने में जुटी हैं।

मौसम विभाग ने आने वाले समय में भी कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, अनावश्यक यात्रा न करने और खराब मौसम के दौरान पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है।

यह भी पढ़ें :  दर्दनाक हादसा: करंट लगने से 8वीं के छात्र आदित्य की मौत

You missed

error: Content is protected !!