कॉलेज का टॉपर और गोल्ड मेडलिस्ट था आनंद,सरकारी नौकरी के लिए लगातार कर रहा था प्रयास
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। बीटेक में गोल्ड मेडल हासिल कर कॉलेज टॉपर बने 23 वर्षीय छात्र आनंद ने अपने घर में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से पुलिस को पांच पंक्तियों का एक हस्तलिखित सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने सरकारी नौकरी न मिलने की पीड़ा व्यक्त करते हुए अपने पिता से माफी मांगी है।
पुलिस के अनुसार, आनंद का शव गोविंद नगर थाना क्षेत्र के गुजैनी स्थित उसके तीन मंजिला मकान के एक कमरे में छत के पंखे से लटका मिला। घटना के समय वह घर पर अकेला था, जबकि उसके माता-पिता और अन्य परिजन बड़े भाई अमित की शादी तय करने के लिए बिहार गए हुए थे।
घर में काम करने वाली महिला जब रोज की तरह काम पर पहुंची तो उसने आनंद के कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसने पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां आनंद का शव फंदे से लटका मिला।
तलाशी के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें आनंद ने लिखा, “सॉरी पापा… मैंने सरकारी नौकरी पाने के लिए लगभग 50 बार प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सका। कृपया मुझे माफ कर दीजिएगा।”
पुलिस के अनुसार, आनंद ने वर्ष 2024 में कानपुर के एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज पीएसआईटी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी। वह अपने कॉलेज का टॉपर था और पूरे उत्तर प्रदेश में तीसरी रैंक हासिल करने पर 13 अगस्त 2024 को आयोजित दीक्षांत समारोह में उसे गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया था।
मृतक के पिता राजकुमार ने बताया कि बीटेक के बाद आनंद ने पावर ग्रिड में एक वर्ष की अप्रेंटिसशिप भी की थी। इसके बाद उसने रेलवे, एसएससी, बैंकिंग और शिक्षा विभाग सहित विभिन्न सरकारी भर्तियों की करीब 50 प्रतियोगी परीक्षाएं दीं, लेकिन हर बार असफलता हाथ लगी। लगातार असफल होने के कारण वह पिछले कई महीनों से गहरे मानसिक तनाव में था।


