ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

रानीखेत। विकास खंड ताड़ीखेत के ग्राम टाना–पन्याली में क्षेत्र पंचायत सदस्य नीरज सिंह मेहरा ने जनहित की मिसाल पेश करते हुए अपने निजी खर्च से सीसी मार्ग का निर्माण कराया है। यह मार्ग गांव के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी रास्ते से स्कूली बच्चे प्रतिदिन विद्यालय जाते हैं और श्रद्धालु माता मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

ग्रामीणों के अनुसार बरसात के दौरान मार्ग की हालत बेहद खराब हो जाती थी, जिससे बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और श्रद्धालुओं को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब सीसी मार्ग बनने से लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

बताया जा रहा है कि विकास खंड ताड़ीखेत में यह पहला अवसर है, जब किसी क्षेत्र पंचायत सदस्य ने अपने निजी खर्च से इस तरह का विकास कार्य कर नई मिसाल पेश की है। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।

क्षेत्र पंचायत सदस्य नीरज सिंह मेहरा ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल पद संभालना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को समझकर उनका समाधान करना भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए वे आगे भी लगातार कार्य करते रहेंगे।

ग्रामीणों ने मार्ग निर्माण के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सड़क से विशेष रूप से विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों और माता मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने इसे गांव के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल बताया।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 2 अगस्त 2026
error: Content is protected !!