ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

पहले दी थी जान से मारने की धमकी, फिर कर दी हत्या: देहरादून में सनसनीखेज वारदात

देहरादून। राजधानी देहरादून के खुदबुड़ा क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने सरेआम चापड़ से हमला कर एक युवती की निर्मम हत्या कर दी।

मृतका की पहचान गुंजन उर्फ गुन्नु के रूप में हुई है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपित आकाश कुमार पिछले तीन से चार दिनों से युवती का लगातार पीछा कर रहा था। इस संबंध में युवती ने 31 जनवरी को खुदबुड़ा चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में युवती ने स्पष्ट रूप से बताया था कि वह आरोपी से किसी भी प्रकार का संपर्क नहीं रखना चाहती, लेकिन वह उसे परेशान कर रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है।

पुलिस के मुताबिक शिकायत मिलने के बाद आरोपी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उसे बुलाने के लिए चीता टीम को उसके घर भेजा गया, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं मिला।

सोमवार सुबह जब खुदबुड़ा बाजार क्षेत्र में सामान्य चहल-पहल थी, तभी आरोपी अचानक चापड़ लेकर युवती के घर पहुंच गया और उसे बाहर बुलाया। जैसे ही युवती घर से बाहर निकली, आरोपी ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। पहले वार में युवती ने बचाव में हाथ आगे कर लिया, जिससे उसकी एक उंगली कट गई। इसके बाद आरोपी ने उसके गले पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से युवती को तुरंत दून अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि युवक और युवती के बीच करीब दो वर्ष पहले दोस्ती थी। बाद में परिजनों की फटकार के बाद युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी थी।

इसके बावजूद आरोपी उस पर दबाव बना रहा था। युवती को अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा था, जिसको लेकर उसने पहले ही पुलिस को शिकायत दी थी।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस टीमों को अलर्ट पर रखा गया है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें :  दर्दनाक सड़क हादसा : तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत

You missed

error: Content is protected !!