हल्द्वानी। उत्तराखंड सरकार के संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–विशेष निःशुल्क ट्रेन यात्रा 2026” के तहत सोमवार को नैनीताल जिले के 37 श्रद्धालुओं का दल हल्द्वानी से देहरादून के लिए रवाना हुआ। हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन पर नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर यात्रा के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि राज्य सरकार की यह पहल उन लोगों के लिए वरदान है जो आर्थिक या अन्य कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान आने-जाने, आवास, भोजन, चिकित्सा और स्थानीय परिवहन सहित सभी व्यवस्थाएं सरकार की ओर से निःशुल्क उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने यात्रियों के सुखद और मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए प्रदेश और देश की समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि हल्द्वानी से रवाना हुआ दल देहरादून पहुंचेगा, जहां उत्तराखंड के सभी 13 जिलों से आए श्रद्धालु एकत्रित होंगे। इसके बाद हर्रावाला (देहरादून) से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे। श्रद्धालु अपने साथ उत्तराखंड के सभी 13 जिलों से लाए गए पवित्र जल से भरे कलश भी सोमनाथ धाम लेकर जाएंगे।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से इस विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा में एसी रेल यात्रा, आवास, भोजन और स्थानीय परिवहन की पूरी व्यवस्था निःशुल्क की गई है। यात्रा का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है। नैनीताल जिले से इस यात्रा में 14 महिलाएं और 23 पुरुष सहित कुल 37 श्रद्धालु शामिल हैं।
इस दौरान दर्जा राज्य मंत्री दीपक माहरा, मोहन पाठक, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, उपजिलाधिकारी मोनिका, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, तहसीलदार कुलदीप पांडे, खंड विकास अधिकारी असगर तनवीर समेत अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



