ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

कुमाऊँ में मीडिया सशक्तिकरण की ऐतिहासिक पहल — हल्द्वानी में 6.75 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक मीडिया सेन्टर का शिलान्यास, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बड़ा ऐलान

6.75 करोड़ की लागत से बनेगा मीडिया हब, पत्रकारों को मिलेंगी डिजिटल स्टूडियो, प्रेस हॉल, गेस्ट रूम और स्वास्थ्य सुविधाएं

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री धामी ने सोमवार को हल्द्वानी में कुमाऊँ मीडिया सेंटर भवन का विधिवत शिलान्यास किया। करीब ₹6 करोड़ 75 लाख 88 हजार की लागत से बनने वाला यह आधुनिक मीडिया सेंटर कुमाऊँ मंडल के पत्रकारों के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त बहुउद्देश्यीय केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मीडिया सेंटर लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारिता को समर्पित एक सशक्त मंच होगा, जहां पत्रकारों को कार्य करने के लिए आधुनिक संसाधन उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि अब तक कुमाऊँ मंडल के पत्रकारों को कई जरूरी कार्यों के लिए देहरादून जाना पड़ता था, लेकिन मीडिया सेंटर बनने के बाद अधिकांश कार्य हल्द्वानी से ही संचालित हो सकेंगे।

प्रस्तावित मीडिया सेंटर में आधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा, डिजिटल स्टूडियो, समृद्ध लाइब्रेरी, कैंटीन और अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही मुनस्यारी, बागेश्वर, कपकोट, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा और रानीखेत जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले पत्रकारों के लिए आवासीय गेस्ट रूम की भी व्यवस्था होगी।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि समाचार पत्रों से जुड़े निरीक्षण कार्य भी अब इसी मीडिया सेंटर से संचालित किए जाएंगे, जिससे पारदर्शिता और कार्यप्रणाली में तेजी आएगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पत्रकार कल्याण कोष को बढ़ाकर ₹5 करोड़ किया गया है। अधिस्वीकृत पत्रकारों और उनके आश्रितों को ₹5 लाख तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा दी जा रही है, जबकि 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पत्रकारों को ₹10 हजार प्रतिमाह पेंशन भी प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह मीडिया सेंटर भविष्य में हल्द्वानी को कुमाऊँ क्षेत्र का प्रमुख मीडिया हब बनाएगा और यहां से संचालित पत्रकारिता क्षेत्रीय ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रभावी भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर Ajay Bhatt, Sarita Arya समेत कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला: कर्मचारियों और पेंशनरों का डीए बढ़ाया
error: Content is protected !!