ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

मैडम जी ये कैसी सजा?  में महिला टीचर ने 5 छात्रों के बाल काटे, ब्लेड से फाड़ी ड्रेस; जमकर हंगामा

छात्रों की स्कूल ड्रेस ब्लेड से फाड़ने और उनकी नोटबुक को भी नुकसान पहुंचाने का आरोप

घटना के बाद अभिभावकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों में भारी नाराजगी

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने जांच शुरू की

अल्मोड़ा। जिले के सल्ट विकासखंड स्थित राजकीय इंटर कॉलेज बांगीधार में एक शिक्षिका द्वारा छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

विद्यालय की भूगोल प्रवक्ता आरजू अफरोज अंसारी पर आरोप है कि उन्होंने अनुशासन के नाम पर कक्षा 12 के पांच छात्रों के बाल कैंची से काट दिए। इतना ही नहीं, छात्रों की स्कूल ड्रेस ब्लेड से फाड़ने और उनकी नोटबुक को भी नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद अभिभावकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों में भारी नाराजगी है। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।

पांच छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार

जानकारी के अनुसार, प्रभावित छात्रों में सौरभ, अनुज नेगी, सूरज बिष्ट, योगेश शर्मा और योगेश जोशी शामिल हैं। आरोप है कि शिक्षिका ने छात्रों के लंबे बाल देखकर पहले उन्हें डांटा और फिर कैंची से उनके बाल काट दिए। इसके बाद उनकी स्कूल यूनिफॉर्म ब्लेड से फाड़ दी और नोटबुक भी क्षतिग्रस्त कर दी।

स्कूल से घर पहुंचने पर छात्रों ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद मामला तेजी से तूल पकड़ गया।

स्कूल पहुंचकर अभिभावकों ने किया विरोध प्रदर्शन

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक, स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता विद्यालय पहुंच गए। सभी ने स्कूल परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए शिक्षिका के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अनुशासन बनाए रखना शिक्षकों की जिम्मेदारी है, लेकिन किसी भी छात्र के साथ इस तरह का व्यवहार न केवल अमानवीय है बल्कि उसकी गरिमा को भी ठेस पहुंचाता है।

शिक्षिका ने लिखित माफीनामा देकर मांगी माफी

विवाद बढ़ने के बाद भूगोल प्रवक्ता आरजू अफरोज अंसारी ने विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र बगोरिया को लिखित माफीनामा सौंपा। उन्होंने भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा नहीं होने का आश्वासन दिया। माफीनामा देने के बाद शिक्षिका अवकाश पर चली गईं।

वहीं, प्रधानाचार्य ने छात्रों की फटी हुई स्कूल ड्रेस विद्यालय की ओर से बनवाने का आश्वासन दिया है।

एसडीएम के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच समिति गठित

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम रिंकू बिष्ट के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है। समिति को 26 जुलाई तक अपनी जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर शिक्षा विभाग आगे की विभागीय कार्रवाई करेगा।

अभी तक दर्ज नहीं हुई एफआईआर

सल्ट थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद की ओर से पुलिस को एक ज्ञापन सौंपा गया है। हालांकि, अभी तक किसी छात्र या उसके अभिभावक की ओर से पुलिस में कोई एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है। फिलहाल प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें :  पिथौरागढ़ की पर्वतीय कृषि पर आरती जोशी का शोध: पलायन रोकने के लिए सुझाए व्यवहारिक समाधान, सिंचाई से लेकर बाजार तक सुधार पर जोर
error: Content is protected !!