ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

गरमपानी। अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे औलिया गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मवेशी चराने जंगल गई 48 वर्षीय महिला की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया।

एसडीआरएफ और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से कई घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर महिला के शव को करीब 150 मीटर गहरी खाई से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार औलिया गांव निवासी बचुली देवी (48) गुरुवार सुबह रोज की तरह अपने मवेशियों को लेकर गांव से लगे जंगल की ओर गई थीं। दोपहर में उनके पति गोधन सिंह घर लौटे, लेकिन काफी देर तक पत्नी के वापस नहीं आने पर उन्हें चिंता हुई। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। इसके बाद ग्रामीणों को सूचना देकर सामूहिक रूप से खोजबीन शुरू की गई।

महिला के लापता होने की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की छड़ा इकाई और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई। जंगल और आसपास के दुर्गम क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया गया। काफी देर की खोजबीन के बाद बचुली देवी करीब 150 मीटर गहरी खाई में बेसुध अवस्था में दिखाई दीं।

इसके बाद एसडीआरएफ के जवान तीखी और फिसलन भरी चट्टानों के बीच खाई में उतरे, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। टीम ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से निकालकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया।

प्रशासन ने मौके पर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है और मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 20 जुलाई 2026
error: Content is protected !!