ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून। उत्तराखंड की धामी सरकार ने शुक्रवार को राज्य की नौकरशाही में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 11 वरिष्ठ आईएएस (IAS) और आईएफएस (IFS) अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है।

शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का कहना है कि इस फेरबदल का उद्देश्य विभागों की कार्यकुशलता बढ़ाना, प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना तथा विकास कार्यों में तेजी लाना है।

इस फेरबदल के तहत वरिष्ठ आईएएस अधिकारी बृजेश कुमार संत को आबकारी सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं रविनाथ रमन को परिवहन सचिव के साथ-साथ परिवहन आयुक्त का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है।

शासन ने डॉ. सुरेंद्र नारायण पाण्डेय को विद्यालयी शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय को उनके मौजूदा दायित्वों के साथ सूचना प्रौद्योगिकी, सुराज एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

इसके अलावा नितेश कुमार झा को पंचायती राज विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। लंबे समय से बाध्य प्रतीक्षा में चल रही आईएएस अधिकारी ज्योति यादव की भी सक्रिय प्रशासनिक जिम्मेदारी बहाल करते हुए उन्हें गन्ना विकास एवं चीनी विभाग का सचिव बनाया गया है।

वहीं रणवीर सिंह चौहान को वित्त सचिव का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है, जबकि युगल किशोर पंत को सचिवालय प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

आईएफएस अधिकारी डॉ. पराग मधुकर धकाते से पंचायती राज विभाग का प्रभार वापस ले लिया गया है। वहीं अभिषेक रूहेला को अपर सचिव, राज्य सम्पत्ति विभाग एवं राज्य सम्पत्ति अधिकारी नियुक्त किया गया है।

राज्य सरकार का मानना है कि इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल से विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा, योजनाओं के क्रियान्वयन में गति आएगी और आम जनता को सरकारी सेवाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से मिल सकेगा। शासन स्तर पर इस बदलाव को प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और विकास कार्यों को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें :  DGP अनुराग धनखड़ का संदिग्ध हालात में निधन, पुलिस मुख्यालय के कार्यालय में मिला शव; आत्महत्या की आशंका
error: Content is protected !!