ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी।  जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बुधवार को कैंप कार्यालय में नैनीताल जनपद की प्रस्तावित जिला योजना वर्ष 2026-27 की पूर्व तैयारी बैठक ली।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के प्रस्ताव तैयार करते समय जनता की मूलभूत आवश्यकताओं, क्षेत्रीय प्राथमिकताओं और स्वरोजगार परक योजनाओं को प्रमुखता दी जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि ऐसे प्रस्ताव बनाए जाएं जिनसे आम जनता को सीधे लाभ मिले और सरकारी धन का सही उपयोग हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्तमान में चल रहे अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के प्रस्ताव भी शामिल किए जाएं, ताकि लोगों को समय पर लाभ मिल सके।

उन्होंने उद्यान, कृषि, मत्स्य, दुग्ध विकास और पशुपालन जैसे क्षेत्रों में स्वरोजगार बढ़ाने वाली योजनाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। साथ ही क्लस्टर अप्रोच को बढ़ावा देने और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के बेहतर समन्वय (डवटेलिंग) पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने गर्मियों में खराब हो रहे ट्यूबवेलों की समस्या को देखते हुए उनकी मरम्मत और स्टेबलाइजर खरीद के लिए बजट प्रस्तावित करने को कहा। इसके अलावा पर्यटन स्थलों के विकास, जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए सोलर फेंसिंग, तथा सरकारी कर्मचारियों के आवासों की मरम्मत जैसे कार्यों को भी योजना में शामिल करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रस्ताव तैयार करते समय स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी सुझाव लिए जाएं, क्योंकि वे क्षेत्र की समस्याओं से भलीभांति परिचित होते हैं।

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि आगामी सप्ताह में प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में जिला योजना 2026-27 की बैठक प्रस्तावित है। इससे पहले सभी विभाग अपने प्रस्ताव जिला अर्थ एवं सांख्याधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, जिला अर्थ एवं सांख्याधिकारी मुकेश नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें :  2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी पहाड़ी आर्मी, संगठन विस्तार पर मंथन

You missed

error: Content is protected !!