नैनीताल के आठों ब्लॉक प्रमुखों की बैठक भीमताल में
ब्लॉकों में पढ़ने वाले अनावश्यक दवाब को बर्दाश्त नहीं करेंगे प्रमुख
आठों ब्लॉको के प्रमुखों की बैठक विकास एवं पंचायतों की दृष्टि में अहम
नैनीताल। भीमताल विकासखंड में जनपद के सभी आठों ब्लॉक प्रमुखों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन की एकता को मजबूत करने, जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने और पंचायतों के सशक्तिकरण पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य विकास कार्यों में पारदर्शिता, समन्वय और प्रभावशीलता बढ़ाना रहा। इस दौरान क्षेत्र पंचायत समिति (BDC) की बैठकों में जिलाधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित कराने पर सभी प्रमुखों ने एकमत से जोर दिया। उनका कहना था कि अधिकारियों की भागीदारी से विकास योजनाओं की गुणवत्ता बेहतर होगी और स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।
ब्लॉक स्तर पर अनावश्यक हस्तक्षेप को लेकर भी प्रमुखों ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि ऐसे किसी भी हस्तक्षेप को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष किया जाएगा।
इसके अलावा, ब्लॉक प्रमुख संगठन की कार्यकारिणी गठन को लेकर भी चर्चा हुई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अगली बैठक में कार्यकारिणी का विधिवत गठन किया जाएगा, जिससे संगठन को और अधिक मजबूती मिल सके।
बैठक में सभी ब्लॉक प्रमुखों ने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, आपसी समन्वय बनाए रखने और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। साथ ही, भविष्य में ऐसी बैठकों का नियमित आयोजन करने का निर्णय भी लिया गया, ताकि विकास कार्यों की सतत समीक्षा और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
इससे पूर्व भीमताल पहुंचने पर ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
बैठक में हल्द्वानी की मंजू गौड़, ओखलकाड़ा के डी. रूवाली, रामनगर की मंजू नेगी, कोटाबाग की मनीषा जंतवाल, धारी की भावना आर्य, बेतालघाट के अंकित साह, रामगढ़ के दीपक कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

