ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल में पर्यटन सीजन को लेकर पुलिस अलर्ट: सुबह 6 बजे से सड़कों पर उतरेंगे सभी अधिकारी, सख्त ट्रैफिक प्लान लागू

नैनीताल।  पर्यटन सीजन की शुरुआत और पहले वीकेंड पर संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने जिले की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए सख्त मास्टर प्लान लागू किया है।

शुक्रवार देर रात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित बैठक में एसएसपी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निर्देशों के अनुसार, शनिवार सुबह 6 बजे से ही सभी थाना प्रभारी, उप-निरीक्षक और पुलिस बल अपने-अपने निर्धारित चौराहों और जाम प्रभावित ‘बॉटल नेक’ क्षेत्रों पर तैनात रहेंगे। साथ ही सभी राजपत्रित अधिकारी भी खुद सड़कों पर उतरकर यातायात व्यवस्था का जायजा लेंगे।

जिले में लागू नए डायवर्जन प्लान का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। भारी वाहनों को तय समय और स्थानों पर ही रोका जाएगा ताकि शहर में छोटे वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो। इसके अलावा, किसी भी आकस्मिक जाम या बाधा से निपटने के लिए मोबाइल पुलिस टीम लगातार पेट्रोलिंग करती रहेगी।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान यातायात प्रबंधन में किसी भी स्तर पर लापरवाही अक्षम्य होगी। पुलिस का उद्देश्य है कि हर पर्यटक बेहतर अनुभव लेकर लौटे और स्थानीय लोगों को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पुलिस ने आम जनता और पर्यटकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित डायवर्जन रूट का ही इस्तेमाल करें, ताकि सभी के लिए यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।

यह भी पढ़ें :  बंगाल में चुनाव बाद हिंसा चरम पर, सुवेंदु अधिकारी के करीबी PA की गोली मारकर हत्या,BJP के दो और TMC के एक कार्यकर्ता की मौत, कई जगहों पर तोड़फोड़
error: Content is protected !!