ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

‘तकिए से मुंह दबाकर मम्मी ने पापा को मार डाला.’ 5 साल के बच्चे ने बताई कहानी, अवैध संबंधों के विरोध पर पत्नी बनी हैवान

बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के नाईपुरा गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।

पुलिस ने मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में सबसे अहम कड़ी दंपती के पांच वर्षीय बेटे का बयान बना है, जिसने पुलिस के सामने अपनी मां पर पिता की हत्या करने का आरोप लगाया।

पुलिस के अनुसार, नाईपुरा उर्फ जूझारपुरा गांव निवासी 26 वर्षीय कुंवरसेन खेतीबाड़ी और मजदूरी करता था। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि कुंवरसेन का अपनी पत्नी कमेंद्री से कथित अवैध संबंधों के शक को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।

आरोप है कि बुधवार रात कुंवरसेन के सो जाने के बाद कमेंद्री ने पहले लोहे की रॉड से उसके सिर और पैरों पर हमला किया और फिर तकिए से उसका मुंह दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद महिला ने शोर मचाकर पति की तबीयत बिगड़ने की बात कही और आसपास के लोगों को बुला लिया।

घटनास्थल पर जांच के दौरान मृतक के पांच वर्षीय बेटे हिमांशु ने पुलिस के सामने कहा कि उसकी मां ने ही उसके पिता के मुंह पर तकिया रखकर उन्हें मार दिया। बच्चे के बयान के बाद पुलिस ने शव का बारीकी से निरीक्षण किया, जिसमें सिर और पैरों पर चोट के निशान पाए गए। इसके बाद आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया गया।

चांदपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी देश दीपक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि बच्चे के बयान को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग, पारिवारिक विवाद और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें :  राज्यपाल ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी
error: Content is protected !!