ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

जानलेवा स्टंट पड़ा भारी, पुलिस ने थार सीज कर काटा भारी चालान

हरिद्वार। इंटरनेट मीडिया पर रील बनाकर लोकप्रियता हासिल करने की सनक एक युवक पर भारी पड़ गई। बैरागी कैंप के पास उफनती गंगा में महिंद्रा थार उतारकर स्टंट करना उसे महंगा पड़ गया। तेज बहाव के बीच वाहन फंसने से चालक की जान जोखिम में पड़ गई।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और कनखल पुलिस ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सकुशल बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार चालक की पहचान हरिओम, निवासी शांतिपुरम कॉलोनी, हरिद्वार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह सोशल मीडिया पर रील बनाने और अपनी थार की ऑफ-रोडिंग क्षमता दिखाने के उद्देश्य से गंगा नदी में वाहन उतारकर स्टंट कर रहा था। इसी दौरान वाहन बीच धारा में फंस गया और पानी का स्तर लगातार बढ़ने लगा।

घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर स्थानीय लोगों और पर्यटकों की भारी भीड़ जमा हो गई। रेस्क्यू टीम ने समय रहते चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में बीच धारा में फंसी थार को निकालने के लिए बुलडोजर की सहायता लेनी पड़ी।

कनखल पुलिस ने लापरवाही और जान जोखिम में डालने के आरोप में थार को सीज कर दिया। साथ ही ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए भारी चालान भी किया गया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी शिशुपाल सिंह नेगी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और लोकप्रियता के लिए इस तरह के जानलेवा स्टंट न करें। उफनती नदियों के पास इस तरह की हरकतें सीधे मौत को दावत देने के समान हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : कुसुमखेड़ा में गूंजा देशभक्ति का जयघोष, Gen-Z युवाओं ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

You missed

error: Content is protected !!