रामनगर पुलिस और एसओजी नैनीताल की संयुक्त कार्रवाई, फायरिंग मामले में वांछित था आरोपी
रामनगर। फायरिंग और जान से मारने की धमकी के मामले में वांछित ₹20 हजार के इनामी अपराधी को रामनगर पुलिस और एसओजी नैनीताल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके एक साथी को भी अवैध तमंचे के साथ दबोचा है। दोनों के कब्जे से दो अवैध तमंचे बरामद हुए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 27 मई 2026 को सुभाष नामक व्यक्ति ने कोतवाली रामनगर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी तथा फायरिंग की थी। मामले में एफआईआर संख्या 164/2026 दर्ज की गई थी। मुकदमे में नामजद आरोपी विशाल पासवान पुत्र उमेश पासवान निवासी टांडा मल्लू, रामनगर फरार चल रहा था, जिस पर एसएसपी नैनीताल द्वारा ₹20 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस एवं एसओजी टीम ने मुखबिर की सूचना पर चोरपानी क्षेत्र के एक खाली मैदान से विशाल पासवान को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा बरामद हुआ। मौके पर मौजूद अनुज रावत पुत्र मोहन सिंह रावत निवासी बसई, पीरूमदारा, रामनगर को भी एक अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरामदगी
02 अवैध तमंचे
गिरफ्तार आरोपी
विशाल पासवान पुत्र उमेश पासवान, निवासी टांडा मल्लू, रामनगर (₹20 हजार का इनामी)
अनुज रावत पुत्र मोहन सिंह रावत, निवासी बसई, पीरूमदारा, रामनगर।


