ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

बारात में बुग्गी सवार दूल्हे को मौसेरे भाई ने तमंचे से मारी गोली, दूल्हा लहूलुहान,बारात में मची भगदड़

काशीपुर। कुंडा थाना क्षेत्र के गढ़ीनेगी से रामपुर गई बारात में बुधवार रात बुग्गी सवार दूल्हे को मौसेरे भाई ने तमंचे से गोली मार दी। गोली दूल्हे के दायें कंधे पर लगी। दूल्हा लहूलुहान होकर गिर गया।

घटना के बाद बारात में भगदड़ मच गई। इस दौरान आरोपी मौसेरा भाई फरार हो गया। घायल दूल्हे को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। 16 घंटे उपचार के बाद गुरुवार दोपहर हालत खतरे से बाहर होने पर अस्पताल से दो घंटे के लिए दूल्हे को ले जाकर शादी की रस्में पूरी की गईं। वहीं आरोपी मौसेरे भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

कुंडा थाना क्षेत्र के गढ़ीनेगी निवासी ओम प्रकाश ने अपने बड़े बेटे करन कुमार का विवाह रामपुर के थाना सिविल लाइंस के पनवड़िया नई बस्ती निवासी हरदयाल की बेटी के साथ तय किया था।

करन डंपर चालक है। बुधवार शाम गढ़ीनेगी से बरात रामपुर गई। रात में बारात चढ़त के दौरान दूल्हा बुग्गी में सवार था और बराती डीजे पर डांस कर रहे थे। आरोप है कि इसी बीच बग्घी के पीछे से आए दूल्हे के मौसरे भाई मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र के लाजपत नगर निवासी अजय ने बग्घी पर चढ़कर तमंचे से फायर झोंक दिया।

गोली दूल्हे के दाहिने कंधे पर जा लगी। इसके बाद डांस कर रहे लोग आरोपी को पकड़ने के लिए दौड़े। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। घायल दूल्हे को इलाज के लिए उसे रामपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

करन के मामा चंद्रपाल ने बताया कि गोली दूल्हे के दाई तरफ कंधे में फंसी हुई है। उसे निकालने के लिए ऑपरेशन करना पड़ेगा। रामपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती दूल्हे को डॉक्टरों की सलाह पर गुरुवार दोपहर दो घंटे की छुट्टी कराकर उसकी ससुराल ले जाया गया।

जहां पर विवाह की रस्में पूरी की गईं। इसके बाद दुल्हन को बारात के साथ गढ़ीनेगी के लिए रवाना कर दिया गया।  दूल्हा करन को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां ऑपरेशन करके गोली निकाली।

चौकी इंचार्ज पनवड़िया नीरज कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दूल्हे की तहरीर पर आरोपी मौसेरे भाई अजय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

दूल्हे करन कुमार के मामा चंद्रपाल ने बताया कि आरोपी अजय कुमार कुछ समय पहले करन के ही घर पर रहता था। बचपन में करन ने अजय को किसी गलती पर थप्पड़ मार दिया था।

जिसे वह अपने मन में रखा था। कहा कि उसका बदला लेने के लिए ही आरोपी मौसेरे भाई ने उसे गोली मारी है।

बताया कि वर्तमान में आरोपी अजय मुरादाबाद में रह रहा है। तीन भाई बहनों से सबसे बड़े करन के पिता ने किसी तरह अपने बेटे की शादी तय की थी। विवाह के दौरान इस घटना से पूरा परिवार स्तब्ध है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : ओखलकांडा के अजय महरा बने परमाणु ऊर्जा विभाग में वैज्ञानिक, ऑल इंडिया चयन से बढ़ाया उत्तराखंड का मान

You missed

error: Content is protected !!