ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

दहेज विवाद ने उजाड़ी शादी की खुशियां, शादी से पहले दुल्हन के पिता की मौत, बारातियों में मची भगदड़

खटीमा। उत्तराखंड के खटीमा में एक निकाह समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब मेहर और कथित दहेज की मांग को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दुल्हन के पिता की सदमे में मौत हो गई।

घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बारातियों को घेर लिया, जिससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कई बारातियों को अपनी जान बचाने के लिए छतों से कूदकर भागना पड़ा।

जानकारी के अनुसार रविवार को बरेली के बड़ा फरीदपुर से बारात खटीमा के इस्लामनगर स्थित खुशबू मैरिज हॉल पहुंची थी। शुरुआती रस्में और मेहमाननवाजी सामान्य रूप से चल रही थीं, लेकिन निकाह के दौरान मेहर की रकम और कथित दहेज की मांग को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

दुल्हन पक्ष का आरोप है कि लड़के वालों ने पहले स्कूटी, फिर अपाची बाइक और एक लाख रुपये नकद की मांग रखी थी। वहीं दूल्हा मोहम्मद आरिफ और उसके परिवार का कहना है कि निकाह के लिए पहले से ₹21,000 मेहर तय था, लेकिन लड़की पक्ष ने अचानक सुरक्षा के लिहाज से ₹5.50 लाख मेहर की मांग रख दी।

विवाद बढ़ने के दौरान दुल्हन के पिता सादिक ठेकेदार की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पिता की मौत की खबर मिलते ही शादी समारोह का माहौल गम और चीख-पुकार में बदल गया।

घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने दूल्हे, उसके पिता और भाई को बंधक बना लिया। हालात बिगड़ते देख बारातियों में भगदड़ मच गई। कई लोग पड़ोसी मकानों की छतों पर चढ़ गए और वहां से कूदकर जान बचाने की कोशिश करने लगे। इस दौरान एक मकान की छत का हिस्सा भी टूट गया, जिससे कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है। मैरिज हॉल में तोड़फोड़ और मारपीट की घटनाएं भी सामने आई हैं।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। बंधक बनाए गए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। देर रात तक पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच पंचायत और समझौते की कोशिशें चलती रहीं।

पुलिस का कहना है कि यदि समझौता नहीं होता है तो प्राप्त तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है और मामले की जांच जारी है।

बेटी की रुख्सती से पहले पिता की रुख्सती ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। खुशियों से सजा मैरिज हॉल देखते ही देखते मातम के मंजर में बदल गया।

यह भी पढ़ें :  धामी सरकार के कौशल विकास मिशन को मिली नई गति, 31 दिवसीय प्रशिक्षण से युवाओं को मिला स्वरोजगार का मार्ग
error: Content is protected !!