रामनगर। रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन की द्विवार्षिक चुनावी प्रक्रिया सोमवार, 10 अगस्त 2026 को रामनगर स्थित एक निजी रिसॉर्ट में संपन्न हुई।
चुनाव के दौरान एसोसिएशन के सभी पदों पर पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचन किया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन की एकता और मजबूती के साथ अधिवक्ताओं के हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करने का संकल्प लिया।
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत मौ. फिरोज अंसारी को अध्यक्ष तथा मनु अग्रवाल को महासचिव चुना गया। इसके अलावा गुलरेज रजा को उपाध्यक्ष, जीशान मलिक को उपसचिव, मनोज सिंह बिष्ट को कोषाध्यक्ष, राकेश कुमार राही को पुस्तकालयाध्यक्ष तथा विशाल रस्तोगी को प्रेस प्रवक्ता निर्वाचित किया गया। वहीं पूरन चंद्र पांडेय को कार्यकारिणी सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई।
अधिवक्ताओं के हितों को प्राथमिकता देने का संकल्प
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मौ. फिरोज अंसारी ने कहा कि वह सभी अधिवक्ताओं को साथ लेकर रामनगर टैक्स बार को और अधिक मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन में एकजुटता बनाए रखने के साथ अधिवक्ताओं की समस्याओं और हितों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को भी बार की ओर से प्रमुखता से उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
वहीं नवनिर्वाचित महासचिव मनु अग्रवाल ने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ताओं के अनुभव और मार्गदर्शन तथा सभी सदस्यों के सहयोग से संगठन को नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं से जुड़े विषयों के साथ आमजन को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना भी संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके लिए समय-समय पर निःशुल्क विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों को कानून और उनके अधिकारों की जानकारी मिल सके।
सामाजिक समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाने की बात
कार्यकारिणी सदस्य पूरन चंद्र पांडेय ने कहा कि क्षेत्र की सामाजिक समस्याओं को समय-समय पर प्रमुखता से उठाया जाएगा। समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बार एसोसिएशन की भूमिका केवल अधिवक्ताओं के हितों तक सीमित न रहकर समाज के व्यापक हितों से भी जुड़ी होनी चाहिए।
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों ने भी संगठन की एकता, पारदर्शिता और मजबूती को प्राथमिकता देने तथा अधिवक्ताओं के हितों के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
अधिवक्ताओं ने किया नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत
चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद बार के अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत और अभिनंदन किया। अधिवक्ताओं ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वह संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के साथ अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान और उनके हितों के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करेगी।
इस अवसर पर पूर्व सचिव गौरव गोला, नावेद अख्तर सैफी, मनोज अग्रवाल, लईक अहमद, फैजूल हक, संजीव अग्रवाल, सुमित चंद्रवंशी, शोभित अग्रवाल और आशीष दानी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।



