40 हजार किलोमीटर से अधिक साइकिल यात्रा कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाले मेहरा गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे, उपचार के लिए बढ़ाए मदद का हाथ
लालकुआँ। देशभर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश फैलाने वाले और “नेचर मैन” के नाम से पहचान बनाने वाले 65 वर्षीय भूपेंद्र सिंह मेहरा आज जीवन के कठिन दौर से गुजर रहे हैं। जल, जंगल, जमीन और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए उन्होंने साइकिल से 40 हजार किलोमीटर से अधिक की यात्रा की, लेकिन अब वही लंबा संघर्ष उनके स्वास्थ्य पर भारी पड़ रहा है।
भूपेंद्र सिंह मेहरा ने वर्षों तक वृक्षारोपण, जल संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जनजागरण अभियान चलाया। उत्तराखंड से लेकर महाराष्ट्र तक उन्होंने साइकिल यात्राएं कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। 58 वर्ष की आयु में देहरादून से मुंबई तक की कठिन साइकिल यात्रा पूरी कर उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया। उनके कार्यों को विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के साथ-साथ पूर्व राज्यपाल मृदुला सिन्हा द्वारा भी सराहा और सम्मानित किया गया।
लगातार साइकिलिंग और कठिन यात्राओं के कारण उनके दोनों पैरों के जोड़ों को गंभीर क्षति पहुंची है। चिकित्सकों ने उन्हें शीघ्र सर्जरी और विशेष उपचार की सलाह दी है। इसी बीच हाल ही में उनके इकलौते पुत्र का निधन हो गया, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वर्तमान में वे अपनी बहू और छोटे पोते-पोतियों के एकमात्र सहारा हैं।
चिकित्सा खर्च और पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते उनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर हो गई है। जीवनभर समाज और पर्यावरण के लिए समर्पित रहे इस पर्यावरण योद्धा को अब समाज के सहयोग और संवेदनशील लोगों की मदद की आवश्यकता है।
सहायता के लिए बैंक विवरण:
खाता नाम: भूपेंद्र सिंह मेहरा
बैंक: भारतीय स्टेट बैंक (SBI)
खाता संख्या: 30945827681
आईएफएससी कोड: SBIN0011416
समाज के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले इस पर्यावरण प्रहरी की मदद के लिए आगे आना आज हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।


