ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। पर्यटन सीजन और वीकेंड पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में 09 और 10 मई 2026 को विशेष ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। यह व्यवस्था सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी।

पुलिस प्रशासन के अनुसार वीकेंड के दौरान कैंची धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। ऐसे में अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट कर रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले आवश्यक सेवा वाहनों को ही निर्धारित मार्ग से अनुमति मिलेगी, जबकि अन्य भारी वाहनों को भवाली मस्जिद तिराहा से पहले रोका जाएगा।

प्रशासन ने बाहरी राज्यों और जनपदों से आने वाले पर्यटकों के लिए विशेष पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था की है। भीमताल मार्ग से कैंची धाम जाने वाले निजी वाहनों को विकास भवन पार्किंग में पार्क कराया जाएगा।

जहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के जरिए मंदिर भेजा जाएगा। वहीं नैनीताल-गेठिया मार्ग से आने वाले वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में रोका जाएगा और वहां से शटल सेवा संचालित होगी।

वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी दोपहिया वाहनों का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। दोपहिया वाहनों को भी सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कर शटल सेवा से भेजा जाएगा।

 हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में भी भारी वाहनों पर सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक प्रतिबंध 

पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले भारी वाहनों को नंबर-01 बैंड, एचएमटी क्षेत्र, सलड़ी चौकी और अमृतपुर मोड़ पर रोका जाएगा। वहीं मैदानी क्षेत्रों से पहाड़ जाने वाले भारी वाहनों को गोलापार पुराने आरटीओ फिटनेस सेंटर और खेड़ा चौकी के पास रोका जाएगा।

बरेली रोड, रुद्रपुर, पंतनगर और रामनगर-बाजपुर से आने वाले पर्यटक वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक भवाली मस्जिद तिराहा और नैनीताल से आने वाले वाहनों को रूसी बाईपास और मंगोली-कालाढूंगी मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने आमजन और पर्यटकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान ट्रैफिक प्लान का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें, ताकि सभी यात्रियों को सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था मिल सके।

यह भी पढ़ें :  कुमाऊं में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी जीप, एक की मौत, तीन लोग घायल
error: Content is protected !!