ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नानकमत्ता के देवकली सलामता गांव की घटना, वन विभाग करेगा मुआवजा प्रक्रिया शुरू

सितारगंज (ऊधम सिंह नगर)। नानकमत्ता क्षेत्र के ग्राम देवकली सलामता में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। खकरा नदी किनारे गई 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर मगरमच्छ ने हमला कर उसे पानी में खींच लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस, वन विभाग और ग्रामीणों ने कई घंटे तक संयुक्त सर्च अभियान चलाया, जिसके बाद देर रात महिला का शव नदी से बरामद किया गया।
मृतका की पहचान भजन कौर (70) पत्नी स्वर्गीय महेंद्र सिंह के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह रोजमर्रा के कार्य से नदी किनारे गई थीं, तभी पानी में छिपे मगरमच्छ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते, मगरमच्छ उन्हें नदी में खींच ले गया।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नानकमत्ता पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद देर रात महिला का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण मगरमच्छ का हमला प्रतीत हो रहा है। हालांकि अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार मृतका के परिजनों को वन्यजीव हमले में मिलने वाली आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि खकरा नदी और आसपास के जल क्षेत्रों में पहले भी मगरमच्छ देखे जाते रहे हैं, लेकिन इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है। घटना के बाद नदी किनारे बसे गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से नदी क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने, चेतावनी बोर्ड लगाने और मगरमच्छों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।
बताया गया कि भजन कौर के चार विवाहित बच्चे हैं। इस हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें :  रामनगर : मालधन चौड़ में मल्टी स्पेशलिटी स्वास्थ्य शिविर, 407 मरीजों को मिला विशेषज्ञ उपचार

You missed

error: Content is protected !!