ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

मानपुर पश्चिम गांव में बंद टंकी का लैंटर खोलते समय हुआ हादसा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी मौत के कारणों की पुष्टि

हल्द्वानी। हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र स्थित मानपुर पश्चिम गांव में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। बंद पड़ी पानी की टंकी का लैंटर खोलने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतकों की पहचान सरस्वती देवी (55 वर्ष), उनके बड़े बेटे धर्मेंद्र (45 वर्ष) और छोटे बेटे खुशाल (35 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लंबे समय से बंद पड़ी पानी की टंकी के भीतर गैस बन गई थी। जैसे ही टंकी का लैंटर खोला गया, जहरीली गैस तेजी से बाहर निकली और तीनों उसकी चपेट में आ गए। दम घुटने के कारण तीनों की हालत गंभीर हो गई।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तीनों को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम मोनिका आर्य, तहसीलदार कुलदीप पांडेय और चोरगलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों ने परिजनों से घटना की जानकारी भी ली।

पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में बंद पानी की टंकी के भीतर बनी जहरीली गैस के कारण दम घुटने से मौत होने की आशंका है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे मानपुर पश्चिम गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग इसे क्षेत्र की सबसे दुखद घटनाओं में से एक बता रहे हैं। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें :  CM धामी का सख्त संदेश: आस्था से खिलवाड़ नहीं, चित्रशिला धाम की विवादित चौपाटी सील, प्रशासन का बुलडोजर एक्शन
error: Content is protected !!