ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मसूरी में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। झड़ीपानी रोड स्थित कोल्हुखेत क्षेत्र में दिल्ली नंबर की एक मारुति सिलेरियो कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चारों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:16 बजे 112 कंट्रोल रूम को दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया और खाई में उतरकर शवों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे से कुछ समय पहले कार सवारों ने पास की एक दुकान से सामान खरीदा था। बताया जा रहा है कि वाहन में बैठने के बाद तीव्र ढलान पर कार अचानक तेज गति से आगे बढ़ने लगी। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क किनारे खाली प्लॉट को पार करते हुए सीधे गहरी खाई में जा गिरी।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

हादसे में मृतकों की पहचान सत्यप्रकाश (सोनीपत, हरियाणा), मनीत (19 वर्ष), सविता (48 वर्ष) निवासी गाजियाबाद तथा संगीता (46 वर्ष) निवासी करोलबाग, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दे दी है। इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है।

यह भी पढ़ें :  जनसमस्याओं के समाधान और क्षेत्रीय विकास पर हुई चर्चा, जनप्रतिनिधियों ने किया वृक्षारोपण
error: Content is protected !!