सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटाबाग में वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित
‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के तहत विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी जांच, उपचार और परामर्श, 198 आभा आईडी भी बनाई गईं
रिपोर्टर – नीरज तिवारी
कालाढूंगी/कोटाबाग। प्रदेश सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत के निर्देशन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटाबाग में गुरुवार को वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ कालाढूंगी के विधायक बंशीधर भगत ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क जांच, उपचार और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में स्वास्थ्य शिविरों का लाभ उठाने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपा डोडियाल, विनोद बधानी, धनानंद सत्ता, पूरन बुधलाकोटी, जगदीश गोस्वामी, भगत सिंह नेगी, देवेंद्र रावत, बालम सिंह, धन सिंह एवं नवीन पांडे सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
शिविर का निरीक्षण डॉ. मनोज कांडपाल एवं डॉ. कुलदीप मार्तोलिया ने किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक लाभार्थी को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न रोगों की जांच के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी गई।
स्वास्थ्य शिविर में कुल 295 लोगों का पंजीकरण किया गया। इनमें 221 लोगों की ब्लड प्रेशर जांच, 220 की ब्लड शुगर जांच, 210 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग, 12 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग, 15 लोगों की ओरल कैंसर स्क्रीनिंग, 104 लोगों की हीमोग्लोबिन जांच, 82 एलएफटी (LFT), 95 आरएफटी (RFT) जांच, 95 एक्स-रे किए गए तथा 4 दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए गए। इसके अलावा 198 लाभार्थियों की आभा आईडी भी बनाई गई और आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य प्रत्येक व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि ऐसे शिविरों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं, समय पर जांच, उपचार, निःशुल्क परामर्श तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने जनपदवासियों से भविष्य में भी ऐसे शिविरों का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
शिविर के सफल आयोजन में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस दौरान जी.सी. पांडे, लक्ष्मीकांत, अंजू बुधलाकोटी, पूनम कथायत, योगेंद्र कार्की, जगदीश पांडे, कंचन, रेखा रावत, कुलदीप, राधाकांत, गौरव, अमित, भावना भंडारी, गणेश मत्तोलिया सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।


