उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा: ट्रक केबिन में पेट्रोमैक्स जलाकर सोए चालक व साथी की दम घुटने से मौत
रामनगर। पीरूमदारा क्षेत्र स्थित एक स्टोन क्रशर में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। रेता लेने आए ट्रक चालक और उसके साथी की ट्रक के केबिन में पेट्रोमैक्स की गैस से दम घुटने के कारण मौत हो गई। दोपहर करीब एक बजे घटना की जानकारी मिलने पर हड़कंप मच गया।
मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला संभल के पोस्ट ऑफिस असनोली अंतर्गत ग्राम चंदवार की मंडिया निवासी चालक मोहम्मद इकरार (35) पुत्र बुन्दू और इरफान (30) पुत्र रुस्तम हुसैन के रूप में हुई है। दोनों 22 टायरा ट्रक लेकर पीरूमदारा स्थित स्टोन क्रशर में रेता लेने पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक और उसका साथी रात करीब एक बजे क्रशर पहुंचे थे, लेकिन तकनीकी कारणों से रात में रेता नहीं भरा जा सका। सुबह करीब पांच बजे वाहन में रेता भर दिया गया। इसके बाद दोनों ने दिन के बजाय रात में ही संभल लौटने का निर्णय लिया।
सुबह पांच बजे के बाद दोनों ट्रक के केबिन में दरवाजे और शीशे पूरी तरह बंद कर पेट्रोमैक्स जलाकर सो गए। पूर्वाह्न करीब 11 बजे एक परिचित ने उन्हें केबिन में सोते देखा, लेकिन गहरी नींद में समझकर बिना जगाए चला गया। दोपहर एक बजे तक जब वे नहीं उठे तो लोगों ने उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
शक होने पर ट्रक के केबिन का शीशा तोड़ा गया, जहां दोनों अचेत अवस्था में मिले। उन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। बताया गया कि मृतक मोहम्मद इकरार के परिवार में एक बेटा और तीन बेटियां हैं, जबकि इरफान ट्रक मालिक का भाई बताया जा रहा है।
मामले में चौकी प्रभारी वीरेंद्र बिष्ट ने बताया कि ट्रक के केबिन के शीशे बंद होने के कारण पेट्रोमैक्स से निकली गैस बाहर नहीं निकल पाई, जिससे दोनों की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।





