ल्वाणी के पास 400 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 6 वर्षीय बच्चे समेत 3 गंभीर घायल; गांव में पहले से था बुजुर्ग की मौत का मातम
चमोली जिले के देवाल क्षेत्र में शनिवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे बांक गांव को शोक में डुबो दिया। एक परिजन की अंत्येष्टि में शामिल होने गांव लौट रहा परिवार रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गया। लोहाजंग सड़क पर ल्वाणी के समीप एक कार अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय बच्चे समेत तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार बांक गांव निवासी भजन सिंह का उपचार देहरादून में चल रहा था, जहां शुक्रवार शाम उनका निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर को एंबुलेंस से गांव लाया जा रहा था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अलग वाहन से गांव के लिए रवाना हुए थे। शव लेकर आ रही एंबुलेंस रात करीब एक बजे गांव पहुंच गई, लेकिन रास्ते में जाम के कारण पीछे आ रही कार देर से पहुंच रही थी।
शनिवार सुबह करीब चार बजे ल्वाणी के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना में बलवीर सिंह (50), उनकी पत्नी शांति देवी (38) और पुत्र आशीष (19) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कविता देवी (28), रोशनी (19) और छह वर्षीय मयंक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल पहुंचाया गया। घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एयर एंबुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।
मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में पहले से एक बुजुर्ग की मृत्यु का शोक था, वहां इस हादसे ने दुखों का पहाड़ खड़ा कर दिया।
तहसीलदार अक्षय पंकज, थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया, पूर्व विधायक डॉ. जीतराम, जिला पंचायत सदस्य उर्मिला बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।

