ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल के शौले हॉल में पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की 107 जयंती पर 3500 किट वितरित, दुग्ध उत्पादकों को किया सम्मानित

 रिपोर्टर गुडडू सिंह ठठोला 

नैनीताल। आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआं द्वारा हिमालय पुत्र, महान स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान वक्ताओं ने बहुगुणा के देश और प्रदेश के विकास में योगदान को याद करते हुए उन्हें महान जननायक बताया।

कार्यक्रम का आयोजन दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में नैनीताल क्लब में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक सरिता आर्या, भीमताल ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, मंडी परिषद सलाहकार मनोज जोशी, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत एवं अध्यक्ष मुकेश बोरा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला योजना के अंतर्गत स्वच्छ दूध उत्पादन को बढ़ावा देने हेतु 3500 किटों का वितरण किया गया। साथ ही दुग्ध उपार्जन एवं विपणन को लेकर जनजागरूकता गोष्ठी आयोजित कर दुग्ध उत्पादकों को आवश्यक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में 78 लाभार्थियों को प्रोत्साहन राशि के रूप में 1 लाख 17 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए तथा विभिन्न पर्वतीय क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान हेमवती नंदन बहुगुणा के जीवन और उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

मुख्य अतिथि सरिता आर्या ने दुग्ध उत्पादकों एवं पशुपालकों को जंगली जानवरों से पशुओं की सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए सतर्कता बरतने की अपील की। अध्यक्ष मुकेश बोरा ने अपने संबोधन में बताया कि बीते 18 माह में दूध मूल्य में 13 रुपये की वृद्धि होने पर दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त किया गया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में डेयरी क्षेत्र को लगातार सशक्त किया जा रहा है। साइलेज अनुदान को 30 करोड़ से बढ़ाकर 40 करोड़ तथा दुग्ध प्रोत्साहन राशि को 30 करोड़ से बढ़ाकर 35 करोड़ किए जाने से पशुपालकों में उत्साह है, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।

कार्यक्रम का संचालन संजय सिंह भाकुनी ने किया। इस अवसर पर संचालक मंडल सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल: 22 अप्रैल2026
error: Content is protected !!