ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

टनकपुर में जमीन खरीद के लिए दी गई रकम वापस न मिलने से परेशान एक ग्रामीण ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर चीता मोबाइल पुलिस ने उसे गंभीर हालत में उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर खटीमा निवासी आरोपित के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 10 बजे पिथौरागढ़ चुंगी क्षेत्र से गुजर रही चीता मोबाइल टीम को सड़क किनारे एक व्यक्ति कराहता हुआ मिला। उसने पुलिसकर्मियों को बताया कि उसने सल्फास खा लिया है। पुलिस टीम तत्काल उसे उपजिला चिकित्सालय लेकर पहुंची, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान मौड़ा गांव निवासी 55 वर्षीय दीवान सिंह बोहरा के रूप में हुई। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मृतक के पुत्र दीपक सिंह ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उसके पिता ने खटीमा निवासी कैलाश भट्ट से 11 लाख रुपये में जमीन खरीदी थी। आरोप है कि बाद में उक्त जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी गई। न तो जमीन दी गई और न ही रुपये वापस लौटाए गए, जिससे उसके पिता मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगे थे।

कोतवाल चेतन सिंह रावत ने बताया कि आरोपित कैलाश भट्ट के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर जांच एसआई अकरम मोहम्मद को सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी के विकास को मिलेगी रफ्तार, महापौर गजराज बिष्ट ने शहरी विकास मंत्री को सौंपे 220 करोड़ के प्रोजेक्ट
error: Content is protected !!