ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भीमताल। पतलोट से कौडा़र–पश्यां मोटर मार्ग के निर्माण कार्य में कथित घटिया गुणवत्ता और लापरवाही के विरोध में बुधवार को ग्राम पश्यां में ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया।

पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री एवं प्रमुख राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु के नेतृत्व में आयोजित धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

धरना-प्रदर्शन में ग्राम प्रधान कौडा़र सतीश फुलारा, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पश्यां सहित क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पतलोट से कौडा़र–पश्यां मोटर मार्ग का निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराकर गुणवत्ता में तत्काल सुधार की मांग की।

ग्रामीणों ने इस दौरान क्षेत्र के देवी मंदिर की सुरक्षा दीवार का निर्माण शीघ्र कराए जाने की भी मांग उठाई।

उनका कहना था कि सुरक्षा दीवार नहीं होने से मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र खतरे की जद में है, जिसे देखते हुए जल्द आवश्यक कार्य कराया जाना चाहिए।

धरने को संबोधित करते हुए राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने कहा कि जनता की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर संबंधित विभाग ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता में सुधार और अन्य मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर व्यापक एवं उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाले हालात की पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

धरना-प्रदर्शन में हरीश कुडा़ई, भुवन कुडा़ई, हेमा देवी, भगवती देवी, खिमानंद कुडा़ई, हीरा बल्लभ फुलारा, दुर्गादत्त पोखरिया, पूरन फुलारा, जगदीश फुलारा, खिमेश बिष्ट, हिमांशु नेगी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द कार्रवाई करने की मांग की।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में एसबीआई बैंक के पीछे युवक की संदिग्ध मौत, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

You missed

error: Content is protected !!