ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून।  राजधानी देहरादून के विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक युवक ने पहले एक महिला को तमंचे से गोली मार दी और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद देहरादून के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कमलेश निवासी चकराता के रूप में हुई है, जबकि घायल महिला संगीता निवासी त्यूणी बताई गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कमलेश ने संगीता की कनपटी पर तमंचे से फायर किया। गोली उसकी कनपटी को छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके तुरंत बाद कमलेश ने उसी तमंचे से अपनी कनपटी पर गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के समय महिला के दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे, जिससे वे इस दर्दनाक घटना के प्रत्यक्ष गवाह बनने से बच गए।

गोलियों की आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसी

बुधवार सुबह करीब 10:15 से 10:20 बजे के बीच गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण किसी को अंदर जाने का मौका नहीं मिला। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही विकासनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने दरवाजे की जाली तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। कमलेश और संगीता दोनों खून से लथपथ पड़े थे। पुलिस ने जांच की तो कमलेश की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि संगीता की सांसें चल रही थीं।

गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

पुलिस ने घायल महिला को तत्काल विकासनगर के लेहमन अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे देहरादून के हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल महिला का इलाज जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच

प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग और आपसी संबंधों से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, कमलेश और संगीता दोनों ही शादीशुदा थे। स्थानीय लोगों ने पूछताछ में बताया कि कमलेश का संगीता के घर पर अक्सर आना-जाना था। इसी आधार पर पुलिस इस घटना के पीछे आपसी संबंधों और संभावित विवाद के पहलू की जांच कर रही है।

हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा अभी नहीं हुआ है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट्स समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने मौके से घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया है, जिसे जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा फॉरेंसिक रिपोर्ट आने और घायल महिला के होश में आने के बाद दर्ज होने वाले बयान से ही हो सकेगा। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।

यह भी पढ़ें :  जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में नैनीताल में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार व दिल्ली पुलिस का पुतला फूंका

You missed

error: Content is protected !!