देहरादून। उत्तराखंड में पिछले एक सप्ताह से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के कई जिलों में अगले दो दिनों के लिए बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार 11 और 12 जून को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चंपावत जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। इसे देखते हुए इन सात जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, 11 जून से 16 जून तक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में मौसम का रुख बदलने जा रहा है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया, जिससे लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि बीच-बीच में हल्की बारिश हुई, लेकिन उसका खास असर नहीं दिखा। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 10 जून के बीच प्रदेश में सामान्य से करीब 15 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सी.एस. तोमर ने बताया कि 11 और 12 जून को कई क्षेत्रों में तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।


