युवा कांग्रेस रानीखेत ने शनिवार को संयुक्त मजिस्ट्रेट के माध्यम से शासन को भेजा ज्ञापन
रिपोर्टर : बलवंत सिंह रावत
रानीखेत। रानीखेत से दिल्ली के लिए रोडवेज बसों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस रानीखेत ने शनिवार को संयुक्त मजिस्ट्रेट के माध्यम से शासन को ज्ञापन भेजा।
संगठन का कहना है कि वर्तमान में दिल्ली के लिए सीमित बस सेवाएं होने के कारण स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों, सैनिकों, पर्यटकों और अन्य यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि बसों में समय पर आरक्षण नहीं मिलने के कारण यात्रियों को निजी टैक्सियों से हल्द्वानी पहुंचकर वहां से दिल्ली के लिए बस पकड़नी पड़ती है।
इससे यात्रियों का समय और अतिरिक्त धन दोनों खर्च होते हैं। महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
युवा कांग्रेस ने कहा कि पहले रानीखेत से दिल्ली के लिए अधिक रोडवेज बसों का संचालन होता था, लेकिन वर्तमान में बसों की संख्या कम होने से समस्या गंभीर हो गई है।
पर्यटन सीजन और केदारनाथ यात्रा के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या के चलते यह परेशानी और बढ़ जाती है।
संगठन ने मांग की है कि रानीखेत से दिल्ली के लिए पूर्व की भांति अतिरिक्त रोडवेज बस सेवाएं तत्काल शुरू की जाएं।
साथ ही ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पर्याप्त सीटों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा पर्यटन एवं यात्रा सीजन में यात्रियों की संख्या के अनुरूप अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला उपाध्यक्ष अंकित रावत, जिला महासचिव अरसालन शेख, रुद्र माहरा, मनोज कोरंगा, दीपक सोंटियाल, उदय मलोठिया, पंकज किरौला, पवन बिष्ट, यतिन मेहरा, आदित्य मेहरा, कु. कुमारी सहित अन्य युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


