हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की ओर से शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को वार्ड संख्या-06 सुभाषनगर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। हनुमत सेवा सदन के समीप आयोजित अभियान का नेतृत्व नगर निगम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने किया।
विशेष सफाई अभियान के दौरान क्षेत्र की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों की व्यापक स्तर पर सफाई की गई। सफाई कर्मचारियों ने जगह-जगह जमा कूड़ा-कचरा हटाया और क्षेत्र को स्वच्छ किया। महापौर ने अभियान के दौरान मौके पर पहुंचकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण भी किया। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को क्षेत्र में नियमित रूप से सफाई व्यवस्था बनाए रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न होने देने के निर्देश दिए।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम की प्राथमिकता है। शहर के प्रत्येक वार्ड में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए समय-समय पर विशेष सफाई अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि केवल अभियान चलाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि नियमित सफाई व्यवस्था के साथ नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।
अतिक्रमण पर सख्त रुख
अभियान के दौरान महापौर ने शहर में अतिक्रमण की समस्या को लेकर भी स्पष्ट रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। आमजन की सुविधा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण होने से पैदल चलने वाले लोगों के साथ ही वाहन चालकों को भी परेशानी होती है। नगर निगम द्वारा सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमणमुक्त और व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
महापौर ने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे सफाई अभियानों में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर बनाने की जिम्मेदारी नगर निगम के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भी है।
अभियान के दौरान नगर आयुक्त परितोष वर्मा, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



