नैनीताल में वाहनों से तेल दो युवक मोटरसाइकिल से तेल चोरी करते हुए सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए

रिपोर्टर : गुड्डू सिंह ठठोला
नैनीताल। शहर में वाहनों से पेट्रोल-डीजल चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। चेत राम साह ठुलघरिया इंटर कॉलेज (CRST) के समीप खड़े एक मोटरसाइकिल से शुक्रवार तड़के करीब सवा चार बजे पेट्रोल चोरी किए जाने का मामला सामने आया है।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पड़ोसी के घर लगे CCTV कैमरे में बाइक सवार दो संदिग्ध युवक भी कैद हुए हैं, लेकिन फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो सकी है।
जानकारी के मुताबिक, वाहन स्वामी अर्जुन बिष्ट सुबह अपने काम के लिए घर से वाहन लेकर निकलने वाले थे। उन्होंने जैसे ही गाड़ी स्टार्ट की, उन्हें वाहन में कुछ गड़बड़ी महसूस हुई। संदेह होने पर जब उन्होंने मोटरसाइकिल का टैंक खोलकर देखा तो उसमें पेट्रोल नहीं था। इसके बाद उन्होंने पड़ोसी से पेट्रोल लेकर वाहन में डाला और फिर काम के लिए रवाना हुए।
घटना की जानकारी होने के बाद आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक नजर आए। दोनों युवक रिक्शा स्टैंड की ओर से ऊपर की तरफ आते दिखाई दे रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं युवकों ने मौका देखकर वाहन से पेट्रोल चोरी किया।
एक ही वाहन से दोबारा तेल चोरी का आरोप
वाहन स्वामी अर्जुन बिष्ट का कहना है कि दो दिन पहले भी उनकी गाड़ी से पेट्रोल निकाला गया था। उनका दावा है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से वाहनों से तेल चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, आसपास के इलाके में कम से कम सात से आठ स्थानों पर वाहनों से पेट्रोल चोरी किए जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि चोरों ने पहले भी कई दोपहिया वाहनों को निशाना बनाया है और अलग-अलग वाहनों से करीब 35 से 40 लीटर पेट्रोल चोरी किए जाने की घटनाएं सामने आई हैं। इन मामलों में अब तक चोरों का सुराग नहीं लग पाने से लोगों में नाराजगी है।
CCTV सामने आने के बावजूद पहचान नहीं
पेट्रोल चोरी की घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि पुलिस संदिग्ध युवकों की पहचान कर मामले का खुलासा करेगी। हालांकि, अभी तक CCTV में दिखाई दे रहे दोनों युवकों की पहचान नहीं हो पाई है।
वाहन स्वामी और स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले का संज्ञान लेते हुए रात के समय क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के चलते रात में अपने वाहन घर के बाहर खड़े करने में भी उन्हें डर बना रहता है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस से CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर जल्द कार्रवाई करने और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि वाहन चोरी और पेट्रोल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नाईसेला राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को इंटर कॉलेज बनाने की पहल, क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.