रिकेश्वर महादेव, शीतला माता, हनुमान और राम मंदिर में सुबह से लगी भक्तों की कतारें, मातृशक्ति में दिखा विशेष उत्साह

नवरात्र के पहले दिन लोहाघाट के मंदिरों में उमड़ी भीड़, मां दुर्गा की आराधना में लीन हुए श्रद्धालु,महिलाओं ने व्रत रखकर मां भगवती से मांगा आशीर्वाद
लोहाघाट/चंपावत। शारदीय नवरात्र पर्व का शुभारंभ रविवार, 11 अक्टूबर को श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। नवरात्र के पहले दिन चंपावत जिले के विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देवी मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। नवरात्र को लेकर विशेष रूप से मातृशक्ति में उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और क्षेत्र की उन्नति की कामना की।
लोहाघाट क्षेत्र के प्रसिद्ध रिकेश्वर महादेव मंदिर, शीतला माता मंदिर, हनुमान मंदिर और राम मंदिर में सुबह से ही भक्तों की आवाजाही शुरू हो गई थी। रिकेश्वर महादेव मंदिर में सुबह पांच बजे से ही श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने लगे। मंदिर में दर्शन और पूजा करने के लिए भक्त अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की आराधना के साथ ही ब्राह्मणों के माध्यम से धार्मिक पाठ भी करवाए और परिवार की सुख-शांति के लिए आशीर्वाद मांगा।
नवरात्र के पहले दिन दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु लोहाघाट पहुंचे। भक्तों ने लोहावती नदी के संगम में स्नान कर मंदिरों में पूजा-अर्चना की। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार नवरात्र में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना का विशेष महत्व है। इसी आस्था के साथ श्रद्धालु नौ दिनों तक उपवास रखकर मां भगवती की पूजा और भक्ति में लीन रहेंगे।
नवरात्र पर्व को देखते हुए मंदिरों को भी विशेष रूप से सजाया गया है। मंदिर परिसरों में धार्मिक माहौल बना हुआ है। कई स्थानों पर प्रथम नवरात्र से ही रामलीला मंचन का आयोजन भी शुरू हो गया है। वहीं, महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं द्वारा व्रत रखकर पूजा-अर्चना करने के साथ भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है।
नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं। आने वाले दिनों में भी मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन से क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहने की उम्मीद है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  संपत्ति विवाद: विधवा ने दूसरी महिला पर पति की पत्नी होने का दावा कर हिस्सा मांगने का लगाया आरोप

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.