ब्रेकिंग न्यूज़

देहरादून: सालभर रोजगार और महंगाई भत्ते की मांग पर पीआरडी जवानों का प्रदर्शन

देहरादून। सालभर रोजगार और महंगाई भत्ते की मांग को लेकर गुरुवार को पीआरडी जवानों का आक्रोश सड़क पर फूट पड़ा। बड़ी संख्या में जवानों ने परेड मैदान से मंत्री रेखा आर्या के आवास की ओर कूच किया।

इस दौरान पुलिस ने यमुना कॉलोनी गेट पर बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जिसके बाद पुलिस और पीआरडी जवानों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई।

प्रदर्शन के दौरान जवानों के हाथों में तिरंगा और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की तस्वीरें नजर आईं। सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस कनक चौक, एस्लेहाल, घंटाघर और बिंदाल पुल होते हुए यमुना कॉलोनी पहुंचा। बैरिकेडिंग पर चढ़े प्रदर्शनकारियों के चलते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इसके बाद पीआरडी जवान सड़क पर धरने पर बैठ गए और जोरदार नारेबाजी करने लगे। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।

काफी देर चली वार्ता के बाद जिलाधिकारी आशीष चौहान से मुलाकात का आश्वासन मिलने पर जवान शांत हुए। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

पीआरडी जवानों के जिलाध्यक्ष नवीन बिष्ट ने कहा कि जवान पिछले 72 दिनों से एकता विहार में शांतिपूर्ण धरना दे रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई के दौर में नियमित रोजगार नहीं मिलने से जवानों के परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।

यह भी पढ़ें :  राष्ट्रीय खेल दिवस पर डीएसबी परिसर में मेजर ध्यानचंद को किया गया याद

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.