ब्रेकिंग न्यूज़

लोहाघाट। चंपावत जिले के ऐतिहासिक रीठा साहिब गुरुद्वारा में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय सालाना जोड़ मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 29, 30 और 31 मई को आयोजित होने वाले इस धार्मिक मेले में देशभर से श्रद्धालुओं का पहुंचना लगातार जारी है।

गुरु नानक देव जी की चरण स्थली माने जाने वाले इस पावन स्थल पर पीलीभीत, अंबाला, सहारनपुर, पंजाब, हरियाणा और नानकमत्ता समेत विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु वाहनों के माध्यम से पहुंच रहे हैं। गुरुद्वारा प्रबंधक बाबा श्याम सिंह ने बताया कि मेले के सफल आयोजन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

हर वर्ष आयोजित होने वाला यह जोड़ मेला सिख श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। मेले के दौरान कीर्तन, अरदास और विशाल लंगर का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु परिवार सहित पहुंचकर गुरु नानक देव जी के चरणों में मत्था टेक रहे हैं और आध्यात्मिक शांति का अनुभव कर रहे हैं।

वहीं, मेले को लेकर चंपावत पुलिस ने विस्तृत यातायात संचालन योजना तैयार की है। पुलिस के अनुसार पर्वतीय और संकरे मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी तथा आवश्यकता पड़ने पर डायवर्जन व्यवस्था लागू की जाएगी। श्रद्धालुओं से केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की गई है।

पुलिस ने वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग से बचने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के निर्देश दिए हैं।

शराब या मादक पदार्थ का सेवन कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। साथ ही खतरनाक मोड़ों पर हॉर्न बजाने, अनावश्यक ओवरटेकिंग न करने और सड़क किनारे वाहन खड़े कर यातायात बाधित न करने की अपील की गई है।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल ताइक्वांडो क्लब की विशाखा राजपूत ने जीता गोल्ड, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.