कुलपति के अनुमोदन के बाद कुलसचिव ने जारी किए नियुक्ति आदेश, कूटा ने पुष्पगुच्छ, शॉल और तेजपात का पौधा भेंट कर किया सम्मानित

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर को नया निदेशक मिल गया है। भौतिक विज्ञान विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष एवं वर्तमान में विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता (डीन साइंस) प्रोफेसर संजय पंत को डीएसबी परिसर का निदेशक नियुक्त किया गया है। कुलपति के अनुमोदन के बाद विश्वविद्यालय के कुलसचिव ने उनकी नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। प्रो. पंत का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा। उन्होंने बुधवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया।

प्रो. संजय पंत विश्वविद्यालय के अनुभवी शिक्षाविदों में शामिल हैं। अपने शैक्षणिक एवं प्रशासनिक सेवाकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं और शैक्षणिक गतिविधियों में योगदान दिया है। वह पूर्व में परीक्षा नियंत्रक, निदेशक डीआईसी, अधिष्ठाता छात्र कल्याण, कार्यकारी निदेशक, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के समन्वयक तथा भौतिक विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वर्तमान में वह विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता के रूप में कार्यरत हैं।

शिक्षण एवं प्रशासनिक दायित्वों के साथ-साथ प्रो. पंत ने शोध के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनके कई शोधपत्र अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। उनके अनुभव और शैक्षणिक कार्यों को देखते हुए उन्हें डीएसबी परिसर के निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कूटा ने किया प्रो. संजय पंत का सम्मान

प्रो. संजय पंत के डीएसबी परिसर का निदेशक बनने पर कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) की ओर से उनका स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर कूटा पदाधिकारियों और शिक्षकों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उन्हें तेजपात का पौधा भी भेंट किया गया। कार्यक्रम के दौरान मिष्ठान वितरण कर खुशी जाहिर की गई।

कूटा पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि प्रो. पंत के नेतृत्व में डीएसबी परिसर में शैक्षणिक गतिविधियों, शोध कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और मजबूती मिलेगी। उनके अनुभव से परिसर के विकास को नई दिशा मिलने की आशा भी व्यक्त की गई।

प्रो. चंद्रकला रावत को अधिष्ठाता छात्र कल्याण बनने पर बधाई

इस अवसर पर कूटा ने प्रोफेसर चंद्रकला रावत को अधिष्ठाता छात्र कल्याण नियुक्त किए जाने पर भी बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों ने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के हितों, कल्याणकारी गतिविधियों और छात्र सहायता से जुड़े कार्यों को प्रोत्साहन मिलेगा।

कार्यक्रम में कूटा अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, प्रो. नीलू, प्रो. लज्जा भट्ट, प्रो. अनिल बिष्ट, डॉ. विजय कुमार, डॉ. शिवांगी, डॉ. कुबेर गिनती, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. गगन होती, डॉ. मोहित रौतेला, डॉ. राशि मिगलानी, सुरेश लाल, बृजेश जोशी और देवेंद्र बिष्ट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

वहीं, विश्वविद्यालय के एलुमनी सेल की ओर से भी प्रो. संजय पंत को डीएसबी परिसर का निदेशक बनने और प्रो. चंद्रकला रावत को अधिष्ठाता छात्र कल्याण की जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी गई। एलुमनी सेल से जुड़े डॉ. बीएस कालाकोटी, डॉ. एसएस सामंत, डॉ. जीसी जोशी, ज्योति कांडपाल, डॉ. मीना जोशी, डॉ. सुषमा टम्टा, डॉ. निशा और नंदा बल्लभ पालीवाल ने दोनों शिक्षाविदों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 8 अक्टूबर 2026
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.