नैनीताल। जनहित संस्था, नैनीताल के पदाधिकारियों ने मंगलवार को कार्यकारी अध्यक्ष  दिव्या शाह के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद नैनीताल की अध्यक्ष  सरस्वती खेतवाल से श्री राम सेवक सभा, मल्लीताल के सभागार में मुलाकात कर नगर के सार्वजनिक शौचालयों की बदहाल स्थिति से अवगत कराया।

संस्था की कार्यकारी अध्यक्ष  दिव्या शाह ने नगर में पूर्व से स्थापित सार्वजनिक शौचालयों की गंदगी, दुर्गंध एवं खराब रखरखाव का मुद्दा उठाते हुए उनका औचक निरीक्षण कर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।

साथ ही बी.एम. साह पार्क के सामने स्थित पुराने शौचालय की ऊंचाई अधिक होने से वरिष्ठ नागरिकों को हो रही परेशानी का उल्लेख करते हुए मुख्य मार्ग के समीप नए शौचालय के निर्माण की मांग की।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी द्वारा स्थल निरीक्षण भी किया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में रोष है।

इस दौरान संस्था के उपाध्यक्ष अशोक ने जनहित संस्था की विभिन्न सामाजिक गतिविधियों एवं जनहित के कार्यों की जानकारी पालिकाध्यक्ष को दी। पालिकाध्यक्ष  सरस्वती खेतवाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए संस्था को पूरा सहयोग दिया जाएगा।

इस अवसर पर संस्था के संरक्षक जगमोहन सिंह बिष्ट, अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी के निर्देशन में आयोजित शिष्टमंडल में महासचिव महेश चंद्र आर्य, मनोज सनवाल, सिद्धार्थ सिंह बिष्ट, टी.एस. खंबा, विजय शाह, सोनू शाह, दीवान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नैनीताल पहुंचे राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य, कार्यकर्ताओं ने गाजे-बाजे के साथ किया जोरदार स्वागत
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.