ब्रेकिंग न्यूज़

डीएम ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के दिए निर्देश, बलियानाला, आलूखेत और किशनपुर की विशेष निगरानी के आदेश; बारिश के दौरान ट्रेकिंग पर रोक लगाने के निर्देश

हल्द्वानी। नैनीताल जनपद में आगामी दिनों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 26 सितंबर को जनपद के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 27 सितंबर को गरज-चमक, आकाशीय बिजली, झोंकेदार हवाओं और अति तीव्र से अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर की आशंका के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मौसम की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए जनपद के सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने और आपदा से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि बारिश के दौरान नदियों, नालों और गधेरों के नजदीक जाने से बचें। अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें और यात्रा से पहले मौसम की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।

जिलाधिकारी ने बलियानाला, आलूखेत और किशनपुर जैसे अत्यधिक संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। संबंधित विभागों को इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क करने और नदी-नालों तथा गधेरों की ओर नहीं जाने के लिए जागरूक करने को कहा गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भारी बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही जान-माल के लिए खतरा बन सकती है। ऐसे में संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की व्यवस्था रखी जाए।
बारिश के दौरान ट्रेकिंग और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में आवाजाही पर रोक के निर्देश

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस अवधि में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का मोबाइल फोन बंद नहीं रहना चाहिए। अधिकारियों को अपने वाहनों में बरसाती, छाता, टॉर्च, हेलमेट और अन्य आवश्यक उपकरण रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

फंसे लोगों के लिए भोजन और चिकित्सा की व्यवस्था

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि यदि भारी बारिश के कारण किसी स्थान पर लोग फंस जाते हैं तो उनके लिए तत्काल भोजन और चिकित्सा की व्यवस्था की जाए। किसी भी आपदा या दुर्घटना की स्थिति में संबंधित तहसील आपदा नियंत्रण कक्ष और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के बीच सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान किया जाए, ताकि राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू किए जा सकें।

नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नालियों और कल्वर्टों में जमा अवरोधों को हटाने के भी निर्देश दिए गए हैं, जिससे जलभराव की स्थिति से बचा जा सके।

आपदा की सूचना इन नंबरों पर दें

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार की आपदा की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र और राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराई जाए।

आपदा नियंत्रण कक्ष के संपर्क नंबर

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC)

फोन: 05942-231178, 05942-231179, 05942-231181

टोल फ्री नंबर: 1077

मोबाइल: 8272080884

राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष (SEOC)

फोन: 0135-2710335, 0135-2710334

टोल फ्री नंबर: 1070

कुमाऊं के कई जिलों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना

मौसम विभाग की ओर से 25 सितंबर 2026 को शाम 7:46 बजे से रात 10:46 बजे तक जारी तीन घंटे के ऑरेंज अलर्ट के अनुसार, अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

धारचूला, गंगोलीहाट, अस्कोट, लोहाघाट, मुक्तेश्वर, भीमताल, हल्द्वानी, रुद्रपुर, सितारगंज, खटीमा, टनकपुर और आसपास के क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बिजली कड़कने, आंधी-तूफान, भारी बारिश तथा तेज से बहुत तेज बारिश होने की आशंका जताई गई है।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना दें।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नंदा देवी महोत्सव में सेवा और सामुदायिकता की मिसाल, श्रद्धालुओं की सुविधा में जुटे स्वयंसेवक

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.