चमोली/रुद्रप्रयाग : रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी अपने भक्ति भाव के लिए भी खूब जाने जाते हैं। हाल ही में गणपति महोत्सव में मुकेश अंबानी ने भव्य पूजा की थी।देश की बड़ी बड़ी हस्तियां उनके यहां बने गणेश पंडाल में पूजा अर्चना करने को पहुंची थीं।

12 अक्टूबर को मुकेश अंबानी अपने परिवार के साथ उत्तराखंड के धार्मिक पर्यटन पर पहुंचे। यहां उन्होंने परिवार संग बदरी-केदार के दर्शन किए। सबसे पहले मुकेश अंबानी बदरीनाथ धाम पहुंचे।

मुकेश अंबानी ने बदरी केदार मंदिर समिति को दान किए पांच करोड़ रुपए: रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी अपने स्पेशल चार्टर्ड हेलीकॉप्टर से हेलीपैड पहुंचे। यहां मंदिर समिति के उपाध्यक्ष किशोर पंवार ने मुकेश अंबानी का गर्मजोशी से स्वागत किया। फिर कड़े सुरक्षा इंतजामों के साथ सभी को बदरीनाथ धाम तक पहुंचाया गया।

मुकेश अंबानी के साथ उनकी छोटी बहू राधिका मर्चेंट व उनके परिजन भी मौजूद थे। बदरीनाथ धाम पहुंचने पर अंबानी परिवार ने विशेष पूजा अनुष्ठान में भाग लिया. इस दौरान मुकेश अंबानी के साथ न केवल उत्तराखंड पुलिस के जवान दिखे बल्कि उनकी स्पेशल सिक्योरिटी ने भी कल से पूरे क्षेत्र में डेरा डाला हुआ था।

भगवान बदरी विशाल का आशीर्वाद लेने के बाद मुकेश अंबानी ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को पांच करोड़ रुपए का दान भेंट किया।

मुकेश अंबानी ने बदरी केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय को पांच करोड़ रुपए का चेक सौंपा। बता दें कि, मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी मंदिर समिति के सदस्य भी हैं।

बदरीनाथ से केदारनाथ पहुंचे मुकेश अंबानी: बदरीनाथ धाम में दर्शन करने के बाद मुकेश अंबानी केदारनाथ धाम पहुंचे। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने बाबा केदार के धाम में भी पूजा अर्चना की।

केदारनाथ धाम में इस दौरान अपने बीच देश और दुनिया के बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी को देखकर वहां आए श्रद्धालु रोमांचित थे। वहां मौजूद लोग मुकेश अंबानी और उनके परिवार की एक झलक देखना चाहते थे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में चौथी बार होगा महोत्सव-2026, लोक संस्कृति को मिलेगा मंच, प्रीतम भरतवाण और मैथिली ठाकुर करेंगी शिरकत
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.