ब्रेकिंग न्यूज़

रानीखेत। चिलियानौला स्थित डिग्री कॉलेज के पास जंगल में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

युवक का शव पाइप के सहारे जैकेट से लटका हुआ मिला, जबकि शव घुटनों के बल स्थिति में था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान जितेंद्र सिंह (लगभग 30 वर्ष) पुत्र प्रीतम सिंह निवासी बल्लभगढ़, फरीदाबाद (हरियाणा) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कुमाऊँ रेजिमेंट सेंटर में सिविल डिफेंस के तहत सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत था और वर्तमान में रानीखेत मुख्यालय में तैनात था। वह गनियाद्योली क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था।

सहकर्मियों के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे तक जितेंद्र ड्यूटी पर मौजूद था। इसके बाद उसने कमरा बदलने की बात कहकर छुट्टी ली थी। कुछ घंटों बाद जंगल में उसका शव मिलने की सूचना से साथी कर्मचारी और स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए।

बताया जा रहा है कि जितेंद्र विवाहित था और उसके दो बच्चे हैं। वह कुछ समय पहले अपने परिवार को फरीदाबाद छोड़कर वापस ड्यूटी पर लौटा था।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, लेकिन शव की स्थिति और घटनास्थल के हालात को देखते हुए कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में मॉनसून का रौद्र रूप बरकरार: भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट, नैनीताल-ऊधमसिंह नगर में स्कूल बंद, चमोली में बर्फबारी और 19 सड़कें ठप

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.