ब्रेकिंग न्यूज़

नैनीताल। जनपद में सोमवार से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) की शुरुआत हो गई है। अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं और मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके।

अभियान के पहले दिन जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने स्वयं अपने गणना प्रपत्र भरकर आमजन को इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक मतदाता की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि बीएलओ के घर पहुंचने पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ गणना प्रपत्र सही ढंग से भरें और निर्धारित समय के भीतर जमा करें। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित प्रकाशन सुनिश्चित करने के लिए समाज के सभी वर्गों, राजनीतिक दलों और प्रत्येक मतदाता का सहयोग आवश्यक है।

प्रशासन की ओर से सभी बीएलओ को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरण और संग्रहण की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के माध्यम से मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों को जोड़ने तथा त्रुटियों के सुधार का कार्य किया जाएगा।

यह भी पढ़ें :  कुमाऊं विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच वार्ता में बनी सहमति, छूटे आंतरिक व प्रायोगिक अंकों के लिए भी होगी परीक्षा

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.