ब्रेकिंग न्यूज़

SSP मंजूनाथ टी.सी. ने की मासिक अपराध समीक्षा, अपराध नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

हल्द्वानी कोतवाली सभागार में हुई समीक्षा बैठक – कानून-व्यवस्था मजबूत करने और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण पर जोर

48 पुलिसकर्मी उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित, हर माह चुना जाएगा “थाना ऑफ द मंथ”; खराब प्रदर्शन पर तय होगी जिम्मेदारी

हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत, पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए। गुरुवार, 27 अगस्त 2026 को हल्द्वानी कोतवाली परिसर स्थित सभागार में एसएसपी की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। बैठक में जुलाई माह में जनपद में घटित अपराधों, कानून-व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं, यातायात, साइबर अपराध और पुलिसिंग की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में आगामी दिनों में संभावित अपराध एवं कानून-व्यवस्था की चुनौतियों को लेकर भी अधिकारियों से मंथन किया गया। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिसिंग में तकनीक के अधिकतम इस्तेमाल के साथ-साथ प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। लापरवाही या अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डिजिटल पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश

बैठक में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने e-Shakshya App और Zero FIR के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को थानों में संचालित ऑनलाइन जीडी, e-FIR, Zero FIR, e-Beat, e-Summon, e-Malkhana और e-DAR समेत सभी डिजिटल व्यवस्थाओं में डेटा समयबद्ध तरीके से अपडेट करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आधुनिक पुलिसिंग में डिजिटल सिस्टम की भूमिका लगातार बढ़ रही है। ऐसे में किसी भी पोर्टल पर डेटा लंबित रखना पुलिस कार्यप्रणाली की गुणवत्ता को प्रभावित करता है। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि डिजिटल माध्यमों पर उपलब्ध कराई जाने वाली सूचनाएं सही और समयबद्ध हों।

सड़क हादसों में पीड़ितों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर

पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात की ओर से थाना प्रभारियों को हिट एंड रन प्रतिकर योजना, प्रधानमंत्री राहत योजना, राहवीर योजना एवं e-DAR की कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

एसएसपी ने निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों में निर्धारित प्रक्रिया का प्रभावी और समयबद्ध अनुपालन किया जाए। दुर्घटना पीड़ितों को पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। साथ ही e-DAR पोर्टल पर दुर्घटना से संबंधित सभी आवश्यक आंकड़ों और दस्तावेजों को समय से अपडेट करने के निर्देश दिए गए।

साइबर अपराध पर जीरो टॉलरेंस, पीड़ितों की रकम वापस कराने को प्राथमिकता

साइबर अपराध को लेकर एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को विशेष रूप से सतर्क रहने के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ ऑपरेशन्स अमित कुमार सैनी ने PRAGATI Portal, Sahyog Portal और Money Restoration Module के संबंध में अधिकारियों को तकनीकी जानकारी दी।

एसएसपी ने कहा कि साइबर ठगी के मामलों में पीड़ित की धनराशि की रिकवरी के लिए हर संभव प्रयास किया जाना चाहिए। साइबर अपराध की शिकायत मिलने पर नियमानुसार अभियोग दर्ज कर प्रभावी विवेचना की जाए और ठगी गई धनराशि को वापस दिलाने की दिशा में त्वरित कार्रवाई हो।

उन्होंने चेतावनी दी कि साइबर अपराध के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित विवेचक की जवाबदेही तय की जाएगी।

इसके साथ ही जनपद में चिन्हित साइबर हॉटस्पॉट पर प्रभावी निगरानी रखने और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को Cytrain Portal पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए, ताकि पुलिसकर्मी साइबर अपराध से जुड़ी नई तकनीकों और कार्यप्रणाली से लगातार अपडेट रहें।

लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को CCTNS पर शत-प्रतिशत डेटा अपडेट रखने के निर्देश दिए। लंबित e-Signing समेत अन्य आवश्यक डिजिटल प्रक्रियाओं को तत्काल पूरा करने को कहा गया।

उन्होंने कहा कि लंबित विवेचनाओं का निस्तारण केवल संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि गुणवत्ता के साथ किया जाए। मामलों की विवेचना में अनावश्यक देरी और लापरवाही को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

हर महीने चुना जाएगा “थाना ऑफ द मंथ”

जनपद में बेहतर पुलिसिंग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने “थाना ऑफ द मंथ” पहल शुरू करने की घोषणा की।

इसके तहत थानों के प्रदर्शन का विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन किया जाएगा। इसमें CCTV की मॉनिटरिंग एवं उपयोग, अपराध नियंत्रण, विवेचनाओं की प्रगति, साइबर अपराधों का निस्तारण, लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण, डिजिटल पोर्टलों पर कार्य की गुणवत्ता और अन्य महत्वपूर्ण पुलिसिंग मानक शामिल होंगे।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले थानों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लगातार खराब प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारियों और संबंधित कार्मिकों की जवाबदेही तय की जाएगी।

जन्माष्टमी और छात्रसंघ चुनाव को लेकर विशेष तैयारी

आगामी श्री कृष्ण जन्माष्टमी और छात्रसंघ चुनाव को कानून-व्यवस्था की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए एसएसपी ने अधिकारियों को अभी से प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

कॉलेज परिसरों, संवेदनशील क्षेत्रों और संभावित भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ाने, नियमित पुलिस गश्त करने तथा आवश्यकता के अनुसार निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया।

सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर रहेगी नजर

एसएसपी ने थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी गश्त और बीट पुलिसिंग मजबूत करने के निर्देश दिए। धार्मिक भावनाओं को भड़काने, साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

सब-इंस्पेक्टर, एएसआई, चौकी प्रभारी और बीट अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित करते हुए उन्हें अपने क्षेत्र से संबंधित सूचनाएं एवं कार्रवाई समयबद्ध तरीके से संबंधित पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए गए।

यातायात व्यवस्था में सुधार पर भी मंथन

बैठक में जनपद की यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। यातायात दबाव वाले क्षेत्रों, संवेदनशील मार्गों और आगामी आयोजनों को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुधारात्मक उपायों पर चर्चा की गई।

अधिकारियों को यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन के साथ-साथ आम लोगों को सुगम और सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए गए।

सैनिक सम्मेलन में पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं

मासिक अपराध समीक्षा के साथ आयोजित सैनिक सम्मेलन में एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। प्राप्त समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

48 पुलिसकर्मी उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित

सैनिक सम्मेलन के दौरान जनपद नैनीताल के विभिन्न थानों एवं शाखाओं में तैनात 48 पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

सम्मानित पुलिसकर्मियों में म0उ0नि0 मीना गौतम, म0उ0नि0 राधिका भंडारी, अ0उ0नि0 बिहारी लाल, अ0उ0नि0 जितेन्द्र, अ0उ0नि0 मोहम्मद अहमद, हे0का0नि0 कुन्दन कटायत, हे0का0नि0 त्रिलोक रोतेला, हे0का0नि0 रमेश कांडपाल, हे0का0नि0 महेन्द्र सिंह, हे0का0नि0 प्रकाश सिंह, हे0का0नि0 प्रकाश पाण्डेय, हे0का0नि0 परमदीप सिंह, हे0का0नि0 हेमन्त कुमार, हे0का0नि0 दीप चन्द्र, हे0का0नि0 हरीश चन्द्र सिंह नेगी, हे0का0नि0 गंगा मटपाल, हे0का0नि0 मनोज पंत, हे0का0नि0 तकनीकी किशोरी लाल, म0हे0का0नि0 गीता रिंगवाल, आरक्षी विजय कुमार, आरक्षी भूपेन्द्र ज्येष्ठा, आरक्षी अशोक रावत, आरक्षी भानू प्रताप, आरक्षी गोविन्द प्रसाद, LFM हरनाम सिंह, आरक्षी अनिल गुलानी, आरक्षी मनोज द्विवेदी, आरक्षी हर्ष वर्धन, आरक्षी कुन्दन सिंह, आरक्षी राहुल सिंह राणा, आरक्षी विजय सिंह, आरक्षी ताज मोहम्मद, आरक्षी रोहित सिंह, आरक्षी योगेश सिंह, आरक्षी राजकुमार कम्बोज, FW प्रीति बिष्ट, म0 आरक्षी करिश्मा, म0 आरक्षी निर्मला मेहता, महिला आरक्षी रितु आर्या, महिला आरक्षी रूबी चौहान, म0आरक्षी रेनू अधिकारी, म0 आरक्षी चम्पा रावत, म0 आरक्षी ममता रजवार, संदेशवाहक रमेश चन्द्र भट्ट, अनुचर संजय जोशी, उपनल चालक जगदीश सिंह, होमगार्ड राजेश पाण्डे एवं धर्मेन्द्र रावत (डीआरएम, नैनीताल) शामिल रहे।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी पूरे पुलिस विभाग के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने अन्य पुलिसकर्मियों से भी इसी प्रकार समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार/ऑफिस रेवाधर मठपाल, संयुक्त निदेशक विधि हीरा सिंह राणा, अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित जनपद के समस्त थाना एवं शाखा प्रभारी, यातायात व सीपीयू प्रभारी तथा पीएसी के कंपनी कमांडर मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  भवाली में कैंची धाम जा रही कार खाई में गिरी, बाल-बाल बचे श्रद्धालु
error: Content is protected !!