ब्रेकिंग न्यूज़

होमवर्क नहीं करने पर छात्रा को डंडे से बेरहमी से पीटा, जांच रिपोर्ट आते ही शिक्षिका पर बड़ी कार्रवाई

अल्मोड़ा। लमगड़ा ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊं में कक्षा छह की छात्रा की पिटाई का मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है।

होमवर्क पूरा नहीं करने पर छात्रा की कथित रूप से डंडे से पिटाई करने वाली अतिथि शिक्षिका का अनुबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है। जांच समिति की रिपोर्ट सामने आने के बाद शिक्षिका को सेवा से हटा दिया गया।

मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और फोटो के बाद चर्चा में आया था। वायरल वीडियो में छात्रा की पिटाई किए जाने का मामला सामने आया, जिसके बाद स्थानीय लोगों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। छात्रा के हाथ और पीठ पर चोट के निशान बताए गए हैं। घटना के बाद परिजनों ने स्कूल पहुंचकर मामले की शिकायत की और संबंधित शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

होमवर्क अधूरा मिलने पर की गई पिटाई

बताया गया कि शनिवार को कक्षा में होमवर्क जांचने के दौरान एक छात्रा का काम अधूरा मिला। इसी बात को लेकर अतिथि शिक्षिका नाराज हो गईं और छात्रा को डांटने के बाद उसकी पिटाई कर दी। आरोप है कि इसके बाद डंडे से भी छात्रा को मारा गया। घर पहुंचने पर छात्रा ने अपने माता-पिता को स्कूल में हुई घटना की जानकारी दी। परिजनों ने बच्ची के शरीर पर चोट के निशान देखे तो वे स्कूल पहुंचे और मामले की शिकायत की।

घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण भी स्कूल पहुंच गए और शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। स्कूल प्रशासन की ओर से मामले की सूचना शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दी गई।

वीडियो वायरल होने के बाद गठित हुई जांच समिति

घटना का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला अधिकारियों के संज्ञान में आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए खंड शिक्षा अधिकारी लमगड़ा एवं उप खंड शिक्षा अधिकारी धौलादेवी की संयुक्त जांच समिति गठित की गई। समिति ने मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट अधिकारियों को सौंपी।

जांच रिपोर्ट के आधार पर अतिथि शिक्षिका की भूमिका को गंभीर मानते हुए उनका अनुबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया। इसके साथ ही उन्हें विद्यालय में अतिथि शिक्षिका के पद से हटा दिया गया है।

डीएम ने स्कूल पहुंचकर छात्रा और परिजनों से की मुलाकात

मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊं पहुंचे। उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण करने के साथ ही पीड़ित छात्रा से बातचीत की। डीएम ने छात्रा की बहन और उसके माता-पिता से भी घटना के संबंध में जानकारी ली।

डीएम अंशुल सिंह ने कहा कि प्रारंभिक तौर पर शिक्षक की गलती सामने आई है। मामले की जांच के लिए समिति गठित की गई थी और जांच रिपोर्ट के आधार पर तत्काल कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि छात्रा के साथ हुई घटना को गंभीरता से लिया गया है।

स्कूल के इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी ध्यान देने के निर्देश

डीएम ने विद्यालय का निरीक्षण करते हुए स्कूल की व्यवस्थाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर की भी जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय में आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने और शिक्षा के लिए उचित माहौल सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

छात्रा की पिटाई के मामले में अतिथि शिक्षिका की सेवा समाप्त होने के बाद स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की कार्रवाई को महत्वपूर्ण बताया है। वहीं, इस घटना ने स्कूलों में बच्चों के साथ अनुशासन के नाम पर होने वाली मारपीट को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में दो दिवसीय शोध कार्यशाला का शुभारंभ, शोध संस्कृति और सामाजिक विज्ञान अनुसंधान पर हुआ मंथन
error: Content is protected !!