ब्रेकिंग न्यूज़

नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के संचालक मंडल सदस्य किशन सिंह बिष्ट के निधन से शोक की लहर

दो बार निर्विरोध संचालक मंडल सदस्य और दो बार ग्राम प्रधान रहे किशन सिंह बिष्ट ने पहाड़ में कीवी उत्पादन व पशुपालन को दी नई पहचान

लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के संचालक मंडल सदस्य एवं धारी-पोखराढ़ निवासी किशन सिंह बिष्ट के आकस्मिक निधन से दुग्ध संघ सहित सहकारी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन की सूचना मिलते ही नैनीताल दुग्ध संघ के अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रबंध कमेटी एवं दुग्ध उत्पादकों में शोक व्याप्त हो गया। सामाजिक एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में सक्रिय रहे किशन सिंह बिष्ट के निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।

किशन सिंह बिष्ट नैनीताल दुग्ध संघ के संचालक मंडल में दो बार निर्विरोध सदस्य निर्वाचित हुए थे। सहकारी क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका के साथ ही वह धारी क्षेत्र में दो बार ग्राम प्रधान और एक बार क्षेत्र पंचायत सदस्य भी रहे। जनप्रतिनिधि के रूप में उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के साथ ही किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए।

पर्वतीय क्षेत्रों में कीवी उत्पादन को बढ़ावा देने में उनके योगदान के चलते किशन सिंह बिष्ट को ‘कीवीमैन’ के नाम से भी पहचान मिली। उन्होंने पहाड़ों में कीवी की खेती को प्रोत्साहित करने के साथ किसानों को इसके उत्पादन की संभावनाओं से परिचित कराया। इसके अलावा दुग्ध व्यवसाय और पशुपालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार बनाने के लिए भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

किशन सिंह बिष्ट का नैनीताल दुग्ध संघ एवं सहकारी आंदोलन से लंबे समय से जुड़ाव रहा। वह दुग्ध उत्पादकों की समस्याओं और ग्रामीण क्षेत्र की आवश्यकताओं को समझने वाले सक्रिय प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते रहे। दुग्ध व्यवसाय को बढ़ावा देने तथा पर्वतीय किसानों की आय के साधनों को मजबूत करने के प्रयासों के कारण उनकी क्षेत्र में अलग पहचान बनी।

उनके आकस्मिक निधन पर नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किशन सिंह बिष्ट का निधन दुग्ध संघ, सहकारी क्षेत्र और ग्रामीण समाज के लिए बड़ी क्षति है। उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

शोक के चलते दुग्ध संघ प्रबंधन ने अगले तीन दिनों के लिए निर्धारित बैठकों, बोनस वितरण सहित अन्य कार्यक्रमों को निरस्त करने का निर्णय लिया है। प्रबंधन कमेटी की ओर से कहा गया कि किशन सिंह बिष्ट के निधन से संघ परिवार ने एक सक्रिय एवं समर्पित सदस्य को खो दिया है।

नैनीताल दुग्ध संघ के आँचल परिवार, प्रबंध कमेटी, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी किशन सिंह बिष्ट के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  यूकेएसएसएससी ने वन विकास निगम में स्केलर के पदों पर निकाली भर्ती, इस तारीख से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.