ब्रेकिंग न्यूज़

बैलपड़ाव में विद्युत विभाग के संविदा कर्मी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने विभागीय कर्मचारियों पर हत्या का लगाया आरोप

रिपोर्टर – नीरज तिवारी
कालाढूंगी।  बैलपड़ाव स्थित विद्युत सब स्टेशन में तैनात एक संविदा कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने विद्युत विभाग के कुछ कर्मचारियों और अधिकारियों पर मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बैलपड़ाव निवासी देवेंद्र बैलपड़ाव विद्युत सब स्टेशन में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर वह किसी कार्य से रामनगर आया हुआ था। इसी दौरान भवानीगंज क्षेत्र में उसके साथ कथित रूप से मारपीट की घटना सामने आई।
मृतक के मौसेरे भाई अशोक कुमार ने बताया कि वह भी निजी कार्य से भवानीगंज क्षेत्र में मौजूद था। तभी अचानक शोर-शराबा सुनाई दिया। बाहर निकलकर देखने पर उसने देखा कि दो लोग देवेंद्र के साथ मारपीट कर रहे थे और बाद में उसे जबरन एक कार में बैठाकर अपने साथ ले गए।
परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने के कुछ देर बाद विद्युत विभाग से जुड़े कुछ लोग देवेंद्र को गंभीर हालत में रामनगर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि विभाग के कुछ कर्मचारियों और अधिकारियों ने देवेंद्र के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिसके चलते उसकी मौत हुई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही रामनगर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
रामनगर के कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में मॉनसून का रौद्र रूप बरकरार: भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट, नैनीताल-ऊधमसिंह नगर में स्कूल बंद, चमोली में बर्फबारी और 19 सड़कें ठप
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.